राजस्थान: कोटा-उदयपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत, कई घायल
राजस्थान के कोटा जिले में कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसा शंभूपुरा गांव के पास उस समय हुआ, जब श्रद्धालुओं से भरी क्रूजर गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के धुले जिले का एक परिवार राजस्थान में खाटू श्यामजी के दर्शन करने के बाद वापस लौट रहा था। गाड़ी में करीब 16 लोग सवार थे। इसी दौरान रात करीब 2 बजे शंभूपुरा के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में 9 लोगों की जान चली गई, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। घायलों को तत्काल कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रारंभिक जानकारी में चालक को नींद आने की आशंका जताई गई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
इस दर्दनाक हादसे से परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
खबर अपडेट की जा रही है
#Rajasthan #KotaAccident #RoadAccident #RajsattaPost
