चरथावल से मंत्री नरेंद्र कश्यप ने ठोकी चुनावी ताल, 2027 में मुजफ्फरनगर की सभी छह सीटों पर NDA की जीत का दावा

ओवैसी-चंद्रशेखर के संभावित गठबंधन पर बोले मंत्री- लोकतंत्र में मोर्चा बनाने की आजादी, लेकिन जाति और मजहब के नाम पर नफरत फैलाना ठीक नहीं; आजम खान की वापसी से भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ने का किया दावा

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां अभी से तेज होने लगी हैं। राजनीतिक दलों के नेताओं ने अपनी-अपनी चुनावी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। इसी बीच उत्तर प्रदेश सरकार में पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के मंत्री नरेंद्र कश्यप ने चरथावल विधानसभा सीट को लेकर बड़ा राजनीतिक बयान दिया है। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में चरथावल से चुनाव लड़ने के संकेत देते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्याशी कोई भी हो, लेकिन इस सीट पर कमल ही खिलेगा। इतना ही नहीं, उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में मुजफ्फरनगर जिले की सभी छह विधानसभा सीटों पर भाजपा और एनडीए गठबंधन जीत हासिल करेगा।

रविवार को गोकुल सिटी स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान मंत्री नरेंद्र कश्यप ने मौजूदा सपा विधायक पंकज मलिक को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि लोकतंत्र में सभी को चुनाव लड़ने का अधिकार है। हर राजनीतिक दल अपना प्रत्याशी उतार सकता है, लेकिन चरथावल विधानसभा क्षेत्र में कमल किसी को भी मिले और प्रत्याशी कोई भी बने, जीत भारतीय जनता पार्टी की ही होगी। उनके इस बयान को चरथावल विधानसभा सीट पर उनकी संभावित दावेदारी के रूप में देखा जा रहा है।

13 दिसंबर को बघरा में होगी सामाजिक समरसता महा रैली

पत्रकार वार्ता के दौरान मंत्री नरेंद्र कश्यप ने आगामी 13 दिसंबर को बघरा मेन रोड पर आयोजित होने वाली सामाजिक समरसता महा रैली की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि महर्षि कश्यप सेवा धाम के पूजन कार्यक्रम के अवसर पर दोपहर 12 बजे इस महा रैली का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

इसके अलावा परिवहन मंत्री दयाशंकर, केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल, होमगार्ड मंत्री धर्मवीर प्रजापति सहित केंद्र और प्रदेश सरकार के करीब आधा दर्जन मंत्रियों के पहुंचने की संभावना है। नरेंद्र कश्यप ने बताया कि वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण देंगे।

मंत्री ने कहा कि सामाजिक समरसता महा रैली का उद्देश्य समाज को जोड़ना और आपसी भाईचारे को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर में जाति के नाम पर नफरत फैलाने वाली ताकतों को विराम देना होगा। तुष्टीकरण की राजनीति के जरिए समाज को बांटने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। सामाजिक समरसता के माध्यम से जिले की राजनीति को सकारात्मक दिशा देने की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि 13 दिसंबर की महा रैली से मुजफ्फरनगर की सभी छह विधानसभा सीटों पर एनडीए की जीत का उद्घोष किया जाएगा।

2022 और 2024 की हार पर बोले- काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती

मुजफ्फरनगर में वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को मिली हार को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि सत्ता, समय और विचार तीनों परिवर्तनशील हैं। कई बार अच्छा काम करने और विकास कराने के बावजूद भी राजनीति में अपेक्षित परिणाम नहीं मिल पाते।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ ताकतें समाज को जाति और धर्म के नाम पर बांटकर तथा नफरत की राजनीति करके चुनावी सफलता हासिल करना चाहती हैं, लेकिन काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती। उन्होंने कहा कि जब जिले में भाजपा के विधायक और सांसद रहे, उस दौरान विकास कार्यों को गति मिली और समाज में समरसता को बढ़ावा मिला।

ओवैसी और चंद्रशेखर के संभावित मोर्चे पर भी दिया जवाब

असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के संभावित राजनीतिक मोर्चे को लेकर पूछे गए सवाल पर नरेंद्र कश्यप ने कहा कि लोकतंत्र में किसी भी राजनीतिक दल या संगठन को मोर्चा बनाने और चुनाव लड़ने की आजादी है। इसमें कोई बुराई नहीं है, लेकिन इसके पीछे नीयत और एजेंडा अच्छा होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कोई भी चुनाव लड़ सकता है, लेकिन जाति और मजहब के नाम पर नफरत फैलाकर राजनीति को दूषित नहीं किया जाना चाहिए। किसी राजनीतिक दल को बी-टीम या सी-टीम कहे जाने से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। उनके मुताबिक राजनीति का उद्देश्य समाज को जोड़ना और विकास की दिशा में काम करना होना चाहिए।

मुस्लिम मतदाताओं को लेकर बोले- सबका साथ, सबका विकास हमारी अवधारणा

मुजफ्फरनगर में करीब 40 प्रतिशत मुस्लिम मतदाताओं की मौजूदगी और चुनावी समीकरणों को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि सबका साथ, सबका विकास उनकी सरकार की मूल अवधारणा है। उन्होंने अपने विभाग के बजट और योजनाओं का हवाला देते हुए कहा कि उनके विभाग का करीब छह हजार करोड़ रुपये का बजट है।

उन्होंने दावा किया कि पिछड़ा वर्ग कल्याण और दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की योजनाओं का लाभ हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, बौद्ध और पारसी सहित सभी समाजों के लोगों को बिना किसी भेदभाव के दिया जा रहा है। सरकार की योजनाओं में किसी के साथ धर्म या जाति के आधार पर भेदभाव नहीं किया जाता।

आजम खान की रिहाई पर बोले- आने-जाने से भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ेगा

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की रिहाई और प्रदेश की राजनीति में उनकी संभावित सक्रियता को लेकर भी नरेंद्र कश्यप ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि आजम खान पर सौ से अधिक मुकदमे हैं और वह लंबे समय तक जेल में रहे हैं। उनकी पार्टी उनका किस तरह राजनीतिक इस्तेमाल करेगी, इस बारे में उन्हें जानकारी नहीं है।

हालांकि, उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पसंद करती है। आजम खान के राजनीति में सक्रिय होने या उनके आने-जाने से भाजपा अथवा एनडीए की राजनीतिक स्थिति पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा।

विपक्ष पर जंगलराज और परिवारवाद का आरोप, एनडीए सरकार जरूरी बताई

विपक्षी दलों के शासनकाल को लेकर मंत्री नरेंद्र कश्यप ने जंगलराज, परिवारवाद और समाज में नफरत फैलाने वाली राजनीति पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को सर्वोत्तम प्रदेश बनाने के लिए एनडीए की सरकार जरूरी है। उनके अनुसार प्रदेश में विकास, सुशासन और सामाजिक समरसता को आगे बढ़ाने का काम भाजपा सरकार कर रही है।

मंत्री ने मुजफ्फरनगर की पहचान गन्ने, मिठास और किसानों की धरती के रूप में बताते हुए कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में किसान, जवान और हर समाज-धर्म के लोग भाजपा और एनडीए की जीत में अहम भूमिका निभाएंगे।

कुल मिलाकर मंत्री नरेंद्र कश्यप की पत्रकार वार्ता में 13 दिसंबर की सामाजिक समरसता महा रैली के साथ-साथ 2027 विधानसभा चुनाव की सियासी तस्वीर भी साफ तौर पर दिखाई दी। चरथावल सीट से चुनावी दावेदारी के संकेत, जिले की सभी छह सीटें जीतने का दावा और विपक्षी नेताओं पर निशाना साधकर उन्होंने मुजफ्फरनगर की राजनीति में अपनी सक्रियता के संकेत दे दिए हैं।

#Muzaffarnagar #UPPolitics #NDA #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *