चरथावल से चुनाव लड़ने के संकेत, मंत्री नरेंद्र कश्यप ने किया 2027 में सभी छह सीटें जीतने का दावा

13 दिसंबर को बघरा में होगी सामाजिक समरसता महा रैली, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य समेत कई मंत्रियों के पहुंचने की संभावना

अनुज त्यागी

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। प्रदेश सरकार के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के मंत्री नरेंद्र कश्यप ने चरथावल विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने के संकेत देते हुए जिले की सभी छह विधानसभा सीटों पर भाजपा-एनडीए की जीत का दावा किया है।

रविवार को गोकुल सिटी स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री नरेंद्र कश्यप ने चरथावल के मौजूदा सपा विधायक पंकज मलिक को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि लोकतंत्र में सभी को चुनाव लड़ने का अधिकार है, लेकिन चरथावल में कमल किसी को भी मिले और प्रत्याशी कोई भी हो, जीत भाजपा की ही होगी। उन्होंने दावा किया कि 2027 में मुजफ्फरनगर की सभी छह विधानसभा सीटों पर एनडीए गठबंधन जीत हासिल करेगा।

मंत्री ने बताया कि 13 दिसंबर को बघरा मेन रोड पर महर्षि कश्यप सेवा धाम के पूजन कार्यक्रम के अवसर पर दोपहर 12 बजे सामाजिक समरसता महा रैली आयोजित की जाएगी। इसमें उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि होंगे। इसके अलावा परिवहन मंत्री दयाशंकर, केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल, होमगार्ड मंत्री धर्मवीर प्रजापति सहित केंद्र और प्रदेश सरकार के करीब आधा दर्जन मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी कार्यक्रम में आने का निमंत्रण दिया जाएगा।

नरेंद्र कश्यप ने कहा कि महा रैली का उद्देश्य समाज में सामाजिक समरसता और भाईचारे को मजबूत करना है। जाति और धर्म के नाम पर समाज को बांटने वाली राजनीति समाप्त होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि तुष्टीकरण की राजनीति के बजाय सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की आवश्यकता है। उन्होंने 13 दिसंबर की रैली से जिले की सभी छह सीटों पर एनडीए की जीत का उद्घोष करने की बात कही।

वर्ष 2022 के विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को मिली हार के सवाल पर मंत्री ने कहा कि सत्ता, समय और विचार परिवर्तनशील हैं। कई बार विकास कार्यों के बावजूद राजनीतिक परिस्थितियां अनुकूल नहीं रहतीं। उन्होंने विपक्ष पर जाति और धर्म के नाम पर समाज को बांटने का आरोप लगाते हुए कहा कि काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती।

ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के संभावित राजनीतिक मोर्चे पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में किसी को भी पार्टी या मोर्चा बनाने और चुनाव लड़ने का अधिकार है, लेकिन राजनीति जाति और मजहब के नाम पर नफरत फैलाने का माध्यम नहीं बननी चाहिए। मुस्लिम मतदाताओं की संख्या को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास सरकार की अवधारणा है। उनके विभाग की योजनाओं का लाभ सभी धर्मों और वर्गों के लोगों को बिना भेदभाव दिया जा रहा है।

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की रिहाई पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि आजम खान पर सौ से अधिक मुकदमे हैं और वह लंबे समय तक जेल में रहे हैं। उनकी पार्टी उनका किस तरह इस्तेमाल करेगी, यह उनका विषय है। हालांकि, आजम खान की सक्रियता से भाजपा और एनडीए को कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उन्होंने विपक्ष के शासनकाल पर जंगलराज और परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश को सर्वोत्तम बनाने के लिए एनडीए की सरकार जरूरी है।

मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि मुजफ्फरनगर गन्ने, मिठास और किसानों का जिला है। आगामी विधानसभा चुनाव में किसान, जवान और समाज के सभी वर्ग भाजपा-एनडीए की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *