बेटे होने की भविष्यवाणी गलत होने पर पिता-पुत्र ने की थी पुजारी की हत्या, मुजफ्फरनगर पुलिस ने किया हत्याकांड का खुलासा

मुजफ्फरनगर। भौराकलां गांव स्थित शिव मंदिर के पुजारी स्वामी देवानंद भारती हत्याकांड का मुजफ्फरनगर पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बेटे के जन्म की भविष्यवाणी गलत साबित होने के बाद हुए विवाद को हत्या की वजह बताया गया है।

13 अक्टूबर 2026 को भौराकलां गांव स्थित शिव मंदिर के पुजारी स्वामी देवानंद भारती की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना पर सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद SSP सूरज कुमार राय ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया था।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जीशान पुत्र हाशिम और हाशिम पुत्र होशियारा, निवासी ग्राम व थाना भौराकलां, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। दोनों पिता-पुत्र हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई ग्लैमर मोटरसाइकिल, 315 बोर के दो तमंचे और चार जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि स्वामी देवानंद भारती ने उन्हें बेटा होने की भविष्यवाणी की थी, जो गलत साबित हुई। इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस का कहना है कि पड़ोसी हरेंद्र के साथ हुए विवाद के कारण आरोपियों ने उसे हत्या के मामले में फंसाने की साजिश भी रची थी।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पूरे घटनाक्रम के संबंध में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक की बाइट भी जारी की गई है।

#Muzaffarnagar #CrimeNews #UPPolice #MuzaffarnagarPolice #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed