दरी बेचने के बहाने महिला को बातों में उलझाकर 50 हजार रुपये चोरी, चरथावल निवासी आरोपी गिरफ्तार

संवाददाता | राजसत्ता पोस्ट

नकुड़ पुलिस ने किया वारदात का खुलासा, ईओन कार, 3 हजार रुपये, चोरी का आधार कार्ड और सात दरी बरामद

सहारनपुर। नकुड़ क्षेत्र में दरी बेचने के बहाने घर में घुसकर महिला को बातों में उलझाकर 50 हजार रुपये और आधार कार्ड चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त ईओन कार, 3 हजार रुपये नकद, चोरी किया गया आधार कार्ड और सात दरी बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार, ग्राम नगला नसीराबाद निवासी सुकेश ने 3 सितंबर को नकुड़ थाने में तहरीर देकर बताया था कि चार अज्ञात लोग दरी बेचने के बहाने उसके घर आए थे। आरोप है कि आरोपियों ने उसकी पत्नी को बातचीत में उलझाया और इसी दौरान उसके पर्स से 50 हजार रुपये तथा आधार कार्ड चोरी कर लिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम ने जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर बुधवार को ग्राम पिलखनी अड्डे के पास से शाहआलम उर्फ बाल्ला पुत्र अब्दुल करीम, निवासी चौहट्टा, थाना चरथावल, मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार किया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ ईओन कार से दरी बेचने का काम करता था। नगला नसीराबाद में दरी बेचने के दौरान एक महिला के पर्स में रुपये दिखाई दिए। आरोप है कि महिला को बातचीत में उलझाकर उसके साथी ने पर्स से रुपये और आधार कार्ड निकाल लिया। महिला के शोर मचाने पर एक बुजुर्ग महिला मौके पर पहुंची, जिसके बाद सभी आरोपी कार से फरार हो गए।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3 हजार रुपये, आधार कार्ड, सात दरी और घटना में प्रयुक्त ईओन कार बरामद की है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ मेरठ और मुजफ्फरनगर के विभिन्न थानों में पहले से तीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *