मुजफ्फरनगर SSP सूरज कुमार राय ने की अपराध गोष्ठी, लंबित विवेचनाओं और गैंगस्टर एक्ट के मामलों की समीक्षा
मुजफ्फरनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने 15 अक्टूबर की देर रात पुलिस लाइन स्थित सभागार में पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध गोष्ठी आयोजित कर जनपद की कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, साइबर अपराधों पर कार्रवाई, जनशिकायतों के समाधान और आगामी त्योहारों के मद्देनजर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

गोष्ठी में एसपी सिटी अमृत जैन, एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, एसपी अपराध इंदु सिद्धार्थ, एसपी यातायात अतुल कुमार चौबे सहित क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और विभिन्न शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहे।
मीडिया और साइबर अपराध पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी महत्वपूर्ण घटना की सूचना मिलने पर तत्काल तथ्यों की जानकारी जुटाकर उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए। मीडिया के माध्यम से केवल सही और प्रमाणित जानकारी साझा की जाए। साइबर अपराधों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया।

गैंगस्टर एक्ट और अवैध संपत्तियों की होगी समीक्षा
गोष्ठी में प्रस्तावित गैंगचार्ट और गैंगस्टर एक्ट के मामलों की समीक्षा की गई। एसएसपी ने थाना प्रभारियों को संबंधित अभिलेखों और तथ्यों की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए। गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत कार्रवाई के लिए प्रस्तावित मामलों में अभियुक्तों की कथित अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों और उनसे जुड़े दस्तावेजों का विधिवत परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा गया।

त्योहारों पर सुरक्षा और विवादित मामलों पर नजर
आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए संवेदनशील स्थानों और विवादित मामलों को चिह्नित कर निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों से स्थानीय स्तर पर सतर्कता बढ़ाने और छोटी से छोटी सूचना पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए समय रहते विवादों का समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
जनशिकायतों और न्यायालयों में लंबित मामलों पर जोर
एसएसपी ने आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान होना चाहिए।
इसके साथ ही न्यायालयों में गवाहों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित करने, अभियोजन पक्ष के साथ समन्वय बनाकर प्रभावी पैरवी करने तथा लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया गया।

डिजिटल पुलिसिंग और लंबित विवेचनाओं की समीक्षा
गोष्ठी में यक्ष ऐप, एसआईडी, ई-साक्ष्य और ई-समन के उपयोग एवं प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को इन डिजिटल माध्यमों का नियमित और प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए गए।
अंत में 60 और 90 दिन की विवेचनाओं सहित लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने थाना प्रभारियों को विवेचनाएं निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था, जनशिकायतों के समाधान और महिला संबंधी अपराधों में त्वरित एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
#Muzaffarnagar #UPPolice #CrimeNews #UPNews #RajsattaPost

