भाजपा छोड़ सपा में शामिल होंगे पूर्व सांसद राजपाल सैनी, मीरापुर सीट पर दावेदारी की चर्चा
मुजफ्फरनगर। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में पूर्व सांसद राजपाल सैनी के समाजवादी पार्टी में शामिल होने की चर्चा तेज हो गई है। जानकारी के मुताबिक, वह शुक्रवार को लखनऊ में सपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। वह अपने समर्थकों के साथ लखनऊ पहुंच चुके हैं। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए मीरापुर सीट से उनकी दावेदारी की संभावनाएं भी जताई जा रही हैं। सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने उनके पार्टी में शामिल होने की जानकारी की पुष्टि की है।

लखनऊ में पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ जिला अध्यक्ष जिया चौधरी
राजपाल सैनी की सपा में वापसी को लेकर पिछले कुछ दिनों से राजनीतिक गतिविधियां तेज थीं। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले राजपाल सैनी अपने पुत्र शिवांक सैनी के साथ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुजफ्फरनगर सांसद हरेंद्र मलिक से उनके आवास पर मुलाकात करने पहुंचे थे। इस मुलाकात को सपा में उनकी संभावित वापसी की तैयारियों से जोड़कर देखा गया। इसके बाद से ही उनके पार्टी में शामिल होने की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया।

फाइल फोटो में जयंत चौधरी के साथ राजपाल सैनी
राजपाल सैनी मूल रूप से मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना क्षेत्र के गांव लुहसाना के निवासी हैं। उन्होंने वर्ष 1999 में बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट से चुनाव लड़कर अपनी राजनीतिक पारी शुरू की थी। हालांकि, इस चुनाव में वह तीसरे स्थान पर रहे।

फाइल फोटो में अखिलेश यादव के साथ राजपाल सैनी
वर्ष 2002 में उन्होंने बसपा के टिकट पर मोरना विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और समाजवादी पार्टी के संजय चौहान को हराकर पहली बार विधायक बने। इसके बाद उन्हें प्रदेश सरकार में मंत्री बनाया गया। वर्ष 2007 के विधानसभा चुनाव में उन्हें राष्ट्रीय लोकदल के उम्मीदवार कादिर राणा के सामने हार का सामना करना पड़ा। बाद में वर्ष 2010 में वह बसपा के कोटे से राज्यसभा सदस्य बने।
वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में राजपाल सैनी ने अपने बेटे शिवान सैनी को बसपा के टिकट पर खतौली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ाया था, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। इसके बाद वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले राजपाल सैनी ने बसपा छोड़कर समाजवादी पार्टी का रुख किया।

फाइल फोटो में बृजेश पाठक भूपेंद्र चौधरी और केशव प्रसाद मौर्य के साथ राजपाल सैनी
सपा और रालोद के गठबंधन के दौरान खतौली सीट रालोद के हिस्से में आई थी। इस चुनाव में रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने राजपाल सैनी को उम्मीदवार बनाया, लेकिन भाजपा के विक्रम सैनी के सामने उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
अब एक बार फिर राजपाल सैनी के सपा में शामिल होने की चर्चा है। उनके पुत्र शिवांक सैनी की संभावित एंट्री और मीरापुर विधानसभा सीट से राजपाल सैनी की दावेदारी को लेकर भी राजनीतिक हलकों में चर्चाएं चल रही हैं। उनकी औपचारिक सदस्यता के बाद क्षेत्र की राजनीति में आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
#Muzaffarnagar #RajpalSaini #SamajwadiParty #UPPolitics #RajsattaPost

