सहारनपुर। नगर निगम द्वारा शासन के निर्देश पर लागू किए गए जीआई सर्वे और उसके तहत भेजे गए टैक्स नोटिसों के विरोध में व्यापारियों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है। इसी क्रम में मंगलवार को सहारनपुर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल और सहारनपुर होजरी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ने संयुक्त रूप से नगर निगम कार्यकारिणी सदस्य और समाजवादी पार्टी के विधानसभा प्रभारी अभिषेक टिंकू अरोड़ा को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से व्यापारियों ने बताया कि पूरे नगर में जीआई सर्वे के बाद लोगों को बेहिसाब टैक्स के नोटिस थमा दिए गए हैं, जिससे आमजन और व्यापारी वर्ग में भारी आक्रोश है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए होजरी मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष मनजीत सिंह अरोड़ा ने कहा कि सबसे पहले पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने जीआई सर्वे का विरोध करते हुए इसे निरस्त कराने के लिए जन आंदोलन शुरू किया था और आज भी उनकी ओर से यह लड़ाई जारी है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने कहा कि जीआई सर्वे जनता पर थोपे गया एक काला कानून है, जिसे हर हाल में वापस लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और उनके साथ जुड़े सभी सर्वदलीय पार्षद इस मुद्दे को नगर से लेकर विधानसभा तक ले जाएंगे। विधायक आशु मलिक द्वारा इस विषय पर विधानसभा में याचिका भी दाखिल की जा चुकी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि आगामी सत्र में समाजवादी पार्टी इस मुद्दे को मजबूती से उठाएगी और जीआई सर्वे को निरस्त कराने तक संघर्ष जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *