सहारनपुर । जनपद में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला अधिकारी के निर्देश पर शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न कांवड़ शिविरों में जाकर परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता का परीक्षण किया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज वर्मा के निर्देशन में अधिकारियों ने न सिर्फ भोजन को स्वयं चखकर उसकी गुणवत्ता जांची, बल्कि स्टोर रूम में रखे खाद्य सामग्री के रख-रखाव, साफ-सफाई और भंडारण व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।

इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर संचालकों को स्वच्छता के मानकों और खाद्य सुरक्षा नियमों की जानकारी भी विस्तार से दी। निरीक्षण दल में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी धनंजय शुक्ला, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह, महेश कुमार और सुमन पाल शामिल रहे।

प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और शिविरों में उच्च गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थ ही वितरित किए जाएं, यह सुनिश्चित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *