सहारनपुर: कांवड़िए की बाइक में लगी आग, पुलिस की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
सहारनपुर। थाना नकुड़ क्षेत्र अंतर्गत सरसावा रोड पर कांवड़ यात्रा के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गंगाजल लेने हरिद्वार जा रहे एक कांवड़िए की बाइक में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठते ही कांवड़िए ने सूझबूझ दिखाते हुए बाइक से कूदकर अपनी जान बचाई।
मौके पर कांवड़ ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल फायर एक्सटिंग्शर की मदद से आग पर काबू पाया और शिवभक्त को सुरक्षित शिविर तक पहुंचाया। पुलिस ने बाइक को बुझाकर तुरंत रिपेयरिंग के लिए भेजा, जिससे मार्ग पर अन्य शिवभक्तों की आवाजाही प्रभावित नहीं हुई।
कांवड़ ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों और शिवभक्तों ने सराहना की है। फिलहाल शिवभक्त सुरक्षित रूप से अपनी यात्रा पर आगे बढ़ गया है।
सीओ नकुड़ एस. एन. वैभव पांडेय ने बताया, “पुलिस की टीम हर पल अलर्ट है ताकि किसी भी आपात स्थिति में कांवड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। हमारी प्राथमिकता है कि कांवड़ यात्रा सकुशल संपन्न हो।”

