सहारनपुर।
जन मंच के निकट नगर निगम को जाने वाले मार्ग पर स्थित निगम की टंकी से पानी का भारी लीकेज लगातार हो रहा है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि इसी रास्ते से नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और स्वयं महापौर प्रतिदिन गुजरते हैं, फिर भी किसी की नजर इस गंभीर समस्या पर नहीं पड़ी।

स्थानीय लोगों ने बताया कि टंकी से पानी पाइप फटने के कारण फव्वारे की तरह बह रहा था, और यह पानी सड़क व नाली में व्यर्थ बहता रहा। कुछ छोटे बच्चे उस पानी में नहाते भी देखे गए, लेकिन किसी जिम्मेदार अधिकारी ने रुककर स्थिति को देखने या रुकवाने की जहमत तक नहीं उठाई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जब नगर निगम अपने मुख्य कार्यालय के बिल्कुल पास की लीकेज पर ध्यान नहीं दे पा रहा, तो शहर के अन्य क्षेत्रों की समस्याओं पर कैसे ध्यान देगा? जल संरक्षण के नाम पर बड़ी-बड़ी योजनाएं तो बनाई जाती हैं, लेकिन पानी की इस तरह की बर्बादी उन दावों की पोल खोलती है।

अब देखना यह है कि नगर निगम इस गंभीर जल लीकेज को कितनी जल्दी ठीक कराता है, या इसे भी बाकी समस्याओं की तरह अनदेखा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *