चरथावल थाना परिसर में होली-ईद पर शांति समिति की बैठक, सौहार्द बनाए रखने के निर्देश

असलम त्यागी|चरथावल

मुजफ्फरनगर। चरथावल थाना परिसर में आगामी होली, होलिका दहन, ईद और अलविदा जुमा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम सदर प्रवीण कुमार द्विवेदी और सीओ सदर डॉ. रविशंकर ने संयुक्त रूप से की।

बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, धर्मगुरु, व्यापार मंडल पदाधिकारी व ग्राम प्रधान शामिल हुए। अधिकारियों ने सभी से पर्वों के दौरान आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दिया जाए और सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने से बचा जाए।

एसडीएम सदर ने कहा कि होलिका दहन निर्धारित स्थानों पर ही किया जाए और सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए। वहीं सीओ सदर ने बताया कि पर्वों के दौरान संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और गश्त बढ़ाई जाएगी।

प्रशासन ने चेतावनी दी कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मौजूद लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *