बस की टक्कर से ई-रिक्शा चालक घायल, पुलिस ने बस को कब्जे में लिया

असलम त्यागी

मुज़फ्फरनगर l चरथावल-मुजफ्फरनगर मार्ग पर शनिवार एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चरथावल विकासखण्ड के ग्राम लकडसन्धा में तेज रफ्तार बस ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल चालक की पहचान वेदपाल पुत्र बृजपाल निवासी ग्राम लकडसन्धा के रूप में हुई है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक सड़क पर गिरकर घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही बुढ़ाना मोड़ चौकी प्रभारी मिलन चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए घायल वेदपाल को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बस को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *