मुरादाबाद: मुस्लिम लड़की ने नाम बदलकर किया प्रेम विवाह, परिजनों से खतरे के बीच SSP से मांगी सुरक्षा

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के बिलारी थाना क्षेत्र के गांव सनाई से अंतरधार्मिक प्रेम विवाह का मामला सामने आया है। गांव की मुस्लिम निवासी मुंतरीन ने अपना नाम बदलकर मुस्कान रख लिया और गांव के ही युवक अजय के साथ मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया। इस विवाह के बाद युवती के परिजनों ने नाराजगी जताते हुए रिश्ते का विरोध किया है।

जानकारी के अनुसार, अजय और मुंतरीन के बीच पिछले करीब तीन वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे और विवाह करना चाहते थे। शुक्रवार (20 फरवरी) की सुबह युवती अपने घर से निकलकर अजय के पास पहुंची। इसके बाद दोनों बिलारी स्थित एक मंदिर में गए, जहां विधि-विधान के साथ सात फेरे लेकर विवाह संपन्न किया गया।

विवाह के बाद नवविवाहित दंपति ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। शुक्रवार दोपहर दोनों वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। वहां मुस्कान ने एसएसपी सतपाल अंतिल के समक्ष पेश होकर अपने परिजनों से जान का खतरा होने की आशंका जताई और सुरक्षा की मांग की। युवती का कहना है कि परिवार इस शादी से खुश नहीं है और पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन चुकी है।

एसएसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस के अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए गए। SSP सतपाल अंतिल ने बिलारी थाना प्रभारी को गांव जाकर स्थिति की पड़ताल करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस ने एहतियात के तौर पर दंपति को सुरक्षा प्रदान कर दी है। सुरक्षा मिलने के बाद दोनों दिल्ली के लिए रवाना हो गए। पुलिस प्रशासन का कहना है कि गांव की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके और शांति व्यवस्था कायम रहे।

#Moradabad #UPPolice #AnujTyagiPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *