
सहारनपुर। नगर निगम क्षेत्र की मलिन बस्तियों व पिछड़े क्षेत्रों में संचालित छोटे व मंझोले निजी स्कूलों पर हाउस टैक्स, जलकर और फ्लैक्स टैक्स लगाए जाने के विरोध में उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त विद्यालय शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने सोमवार को नगरायुक्त कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। संघ के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक मलिक के नेतृत्व में यह आंदोलन किया गया। इस दौरान एक चार सूत्रीय मांग पत्र भी नगराायुक्त को सौंपा गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए डॉ. अशोक मलिक ने कहा कि मलिन बस्तियों और गली-मोहल्लों में स्थित हिंदी माध्यम के छोटे निजी विद्यालय गरीब और वंचित वर्ग के बच्चों को सस्ती और सुलभ शिक्षा उपलब्ध करा रहे हैं, लेकिन इन विद्यालयों पर नगर निगम द्वारा हाउस टैक्स, जलकर और फ्लेक्स टैक्स थोपना सरासर अन्याय है। डॉ. मलिक ने दिल्ली सरकार की तर्ज पर उत्तर प्रदेश सरकार से मांग की कि सौ गज से लेकर 500 गज तक के निजी स्कूलों को सभी प्रकार के करों से मुक्त किया जाए, क्योंकि ये संस्थाएं जनहित में सेवाभाव से कार्य कर रही हैं और शिक्षित युवाओं को रोजगार भी उपलब्ध कराती हैं। मलिन बस्तियों व पिछड़े क्षेत्रों के छोटे निजी स्कूलों को टैक्स मुक्त किया जाए। 500 गज तक के निजी विद्यालयों से हाउस टैक्स, जलकर और फ्लेक्स टैक्स समाप्त हो। शिक्षा प्रचार हेतु लगाए गए होर्डिंग्स व फ्लेक्स पर लगाए गए जुर्माने वापस लिए जाएं। नगर निगम की दोहरी नीतियों की जांच कर जवाबदेही तय की जाए। यदि नगर निगम द्वारा टैक्स वापस नहीं लिया गया तो संघ ने जनांदोलन और धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष गय्यूर आलम, जिला अध्यक्ष के.पी. सिंह, मंडल उपाध्यक्ष जितेन्द्र गोरिया (एडवोकेट) सहित मुजाहिद नदीम, मोहम्मद बुरहान अली, अफजाल अहमद, महताब अली, प्रकाश पांडे, वसीम अहमद, शान इलाही, शिवकुमार मालियांन, अजय सिंह रावत, ध्रुव कुमार, शशिकांत शर्मा, हंस कुमार, जोरा सिंह, रामचंद्र, अनिल सचदेवा, बजाहत अली, शरीफ फरीद अहमद खान आदि शिक्षक व स्कूल संचालक मौजूद रहे।

