सहारनपुर। जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बीती रात बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। जिलाधिकारी के निर्देश और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के नेतृत्व में 28 जून की रात तहसील बेहट के ग्राम अबुतालबपुर स्थित यमुना नदी किनारे खनन निरीक्षक अभिलाष चौब व खनन अधिकारी सुभाष सिंह ने छापेमारी की।
करीब 12:50 बजे हुई इस दबिश के दौरान मौके से अवैध खनन व परिवहन में लगी 4 भारी मशीनें (HEMM) और 7 डंपर पकड़े गए। इसके अलावा चार वाहन चालकों को भी मौके से गिरफ्तार किया गया।सभी जब्त वाहनों को मिर्जापुर थाना क्षेत्र में सुरक्षित अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है, जो जिलाधिकारी व न्यायालय के आदेशों तक वहीं रहेंगे। पकड़े गए वाहनों और चालकों के विरुद्ध खनन अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

