बाराबंकी। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने स्मैक के अंतरराष्ट्रीय गिरोह का राजफाश किया है। नेपाल पहुंचाने के लिए तस्करी की जा रही एक किलो से अधिक स्मैक को टीम ने बरामद कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

बाइक सवार तीनों तस्करों में एक यह स्मैक बहराइच लेकर जाता, जहां से इसको नेपाल पहुंचाने की योजना थी। तीनों आरोपितों पर कोतवाली नगर में मुकदमा लिखा गया है।

एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के पुलिस महानिरीक्षक अब्दुल हमीद के निर्देश पर लखनऊ मुख्यालय की टीम ने रविवार देर रात मादक पदार्थ तस्करी में लिप्त तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपाधीक्षक डा. बीनू सिंह ने टीम के साथ कोतवाली नगर अंतर्गत हैदरगढ़ जाने वाली रोड पर हाईवे के अंडरपास के निकट बाइक सवार तीनों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आराेपितों में बदाेसराय थाना के मरकामऊ गांव का बबलू, जैदपुर थाना के ग्राम चंदौली निवासी मो. जैद और बदरुद्दीन उर्फ शादाब शामिल हैं, जिसके पास से टीम ने एक किलो 26 ग्राम अवैध स्मैक व बाइक बरामद की है। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग दो करोड़ पांच लाख रुपये है। कोतवाली नगर में तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
सीओ डा. बीनू सिंह ने बताया कि गिरफ्तार बदरुद्दीन उर्फ शादाब ने पूछताछ में बताया कि बरामद स्मैक उसकी है, जिसे वह बबलू को बेचने लाया था। जो बाइक थी, उसको ही वह स्मैक तस्करी में प्रयोग करता था।
बबलू ने बताया कि वह स्मैक बदरुद्दीन उर्फ शादाब से लेकर नेपाल के एक व्यक्ति को बहराइच में देने वाला था। आरोपितों से तस्करी संबंधित काफी लाभप्रद जानकारियां मिली हैं, जिस पर पुलिस कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *