प्रधानमंत्री आवास योजना में बड़े घोटाले का आरोप, वसीम खान ने की निष्पक्ष जांच की मांग
मुजफ्फरनगर।
भारतीय किसान यूनियन (अराजनितिक) ने जनपद मुजफ्फरनगर शहर में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बड़े स्तर पर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए प्रशासन से तत्काल जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
भाकियू (अराजनितिक) के युवा महानगर अध्यक्ष वसीम खान ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य गरीब, बेघर और कच्चे मकानों में रहने वाले पात्र लोगों को पक्का आवास उपलब्ध कराना है, लेकिन शहर में कुछ प्रभावशाली लोग, तथाकथित किसान नेता और रसूखदार व्यक्ति अधिकारियों की मिलीभगत से फर्जी तरीके से योजना का लाभ उठा रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे कई लोग, जिनके पास पहले से पक्के मकान, कई भवन, कृषि भूमि और करोड़ों की संपत्ति मौजूद है, उन्होंने दबाव बनाकर और कथित रूप से मोटी रिश्वत देकर प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लगभग ढाई लाख रुपये का लोन स्वीकृत कराया। इसके बाद मकान बनवाकर उसे किराए पर चढ़ा दिया गया, जो योजना की मूल भावना के खिलाफ है।
वसीम खान ने प्रशासन का ध्यान अंबा विहार, इस्माइल मस्जिद के समीप स्थित एक मामले की ओर दिलाते हुए बताया कि संबंधित व्यक्ति के पास पहले से चार मकान होने के बावजूद प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ लिया गया।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उक्त व्यक्ति ने आपूर्ति विभाग को गुमराह कर अपने नाम से अंत्योदय राशन कार्ड बनवाया और पिछले आठ वर्षों से सरकारी राशन प्राप्त कर रहा है।
संगठन ने मांग की है कि जिस तिथि से राशन कार्ड जारी किया गया है, उस दिन से अब तक वितरित किए गए राशन की रिकवरी की जाए और संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
भारतीय किसान यूनियन (अराजनितिक) ने मांग की कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत हुए सभी आवंटनों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, अपात्र लाभार्थियों से लोन व अनुदान की वसूली कर लाभ निरस्त किया जाए तथा दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त विभागीय व कानूनी कार्रवाई की जाए।
भाकियू (अराजनितिक) ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन गरीबों के अधिकारों की रक्षा के लिए बड़े आंदोलन को मजबूर होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *