उत्तराखंड में ओबीसी कल्याण बहुउद्देशीय भवन निर्माण के निर्देश, योजनाओं की समीक्षा

देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में उत्तराखण्ड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य के दोनों मंडलों में उत्तराखण्ड अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण बहुउद्देशीय भवन और सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाए तथा इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रस्तावित भवनों में बैंक्वेट हॉल, गेस्ट हाउस, सभागार, प्रशिक्षण कक्ष, बैठक कक्ष सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएं, ताकि सामाजिक, शैक्षिक और प्रशासनिक गतिविधियों का संचालन प्रभावी ढंग से हो सके। उन्होंने बहुउद्देशीय भवन की डीपीआर शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ओबीसी बहुल क्षेत्रों में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएं। साथ ही विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर नियमित समीक्षा के माध्यम से प्रगति की निगरानी करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर योजनाओं में आवश्यक सुधार करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और ओबीसी वर्ग के उत्थान हेतु शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।

बैठक में उत्तराखण्ड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, सचिव श्रीधर बाबू अद्दांकी, अपर सचिव नवनीत पांडे, अपर सचिव संदीप तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *