राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), उत्तर प्रदेश कपिल देव की पहल पर ₹419.47 करोड़ की मुजफ्फरनगर बाईपास परियोजना को मिली स्वीकृति
मुजफ्फरनगर। प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), उत्तर प्रदेश कपिल देव की मांग पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने मेरठ–हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर मुजफ्फरनगर बाईपास के आरंभिक भाग के विकास हेतु ₹419.47 करोड़ की परियोजना को मंजूरी प्रदान की है। इस स्वीकृति से लंबे समय से लंबित महत्वपूर्ण अवसंरचना कार्य को गति मिलने की उम्मीद है।
मंत्री कपिल देव ने बताया कि परियोजना के अंतर्गत बाईपास के प्रारंभिक बिंदु पर 6-लेन फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही सहायक मार्गों (सर्विस रोड) का विकास तथा वर्तमान 4-लेन राष्ट्रीय राजमार्ग को 6-लेन तक चौड़ा किया जाएगा। इससे क्षेत्रीय एवं अंतरराज्यीय यातायात को बेहतर गति और सुगमता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर शहर में प्रवेश और निकास के दौरान वेहलना चौक के पास अक्सर जाम की स्थिति बनती है। इस परियोजना के माध्यम से यातायात बाधाओं को दूर कर निर्बाध आवागमन सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही दिल्ली–उत्तराखंड कॉरिडोर पर यात्रा समय में कमी आएगी, जिससे व्यापारिक, औद्योगिक, कृषि एवं धार्मिक पर्यटन गतिविधियों को भी लाभ मिलेगा।
परियोजना में प्रमुख चौराहों पर ग्रेड-सेपरेटेड संरचनाओं का निर्माण, जंक्शनों का आधुनिकीकरण, क्रॉस-ड्रेनेज संरचनाओं का चौड़ीकरण तथा स्लिप रोड का निर्माण भी शामिल है। सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैकस्पॉट) पर वाहन अंडरपास (VUP) बनाए जाएंगे, जिससे दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिलेगी।
राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव ने कहा कि यह परियोजना मुजफ्फरनगर और आसपास के क्षेत्रों के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगी तथा क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नई दिशा देगी।

