ओवरलोड गन्ना ट्रक पलटा, हाई वोल्टेज विद्युत लाईन टूटी चालक ने कूदकर बचाई जान

असलम त्यागी

मुज़फ्फरनगर जनपद के ​चरथावल क्षेत्र में ओवरलोड गन्ना वाहनों के कारण होने वाले हादसों का सिलसिला बदस्तूर जारी है। बुधवार देर शाम चरथावल पश्चिम गन्ना क्रय केंद्र (खाईखेड़ी) से क्षमता से अधिक गन्ना लादकर निकला एक ट्रक कुटेसरा पुल पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के घंटों बीत जाने के बाद भी समाचार लिखे जाने तक ट्रक को मौके से उठाया नहीं जा सका है, जिससे पुल पर यातायात और राहत कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार ट्रक के पलटने से ऊपर से गुजर रही हाई-वोल्टेज बिजली की लाइनें टूटकर गिर गईं। इसके चलते चरथावल कस्बे और ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली घंटों से गुल है। कड़ाके की ठंड और अंधेरे के कारण हजारों की आबादी परेशान है, लेकिन मिल प्रबंधन की ओर से ट्रक हटवाने की तत्परता नहीं दिखाई गई।सूचना मिलते ही कस्बा इंचार्ज एसआई राजेश शर्मा व राहुल गिरी पुलिस टीम के साथ कुटेसरा पुल पर डटे हुए हैं। पुलिस ने शुरुआती राहत कार्य तो शुरू करा दिया है, लेकिन ट्रक न उठने के कारण पूर्ण रूप से रास्ता साफ नहीं हो पाया है। अंधेरे और रास्ते में पड़े ट्रक के कारण राहगीरों को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।

खतौली कांड से भी खाईखेड़ी मिल ने नहीं लिया सबक

विदित हो कि गत वर्ष खतौली में गन्ना ट्रक पलटने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। इसके बावजूद खाईखेड़ी शुगर मिल प्रशासन मानकों के विरुद्ध ओवरलोडिंग कराने से बाज नहीं आ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मिल प्रबंधन की इसी हठधर्मिता के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं और सरकारी संपत्ति (बिजली लाइनों) का भारी नुकसान हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *