आगरा। सिकंदरा क्षेत्र के नगला नाथू गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। गांव के पास यमुना नदी में नहाने गई छह किशोरियां नदी में डूब गईं। इसमें से चार की मौत हो गई, जबकि दो को बचा लिया गया है।
किशोरियों की उम्र 12 से 15 वर्ष के बीच बताई जा रही है, जिनमें से तीन एक ही परिवार की थीं, जबकि अन्य रिश्तेदार थीं। ये सभी गर्मियों की छुट्टियों में गांव घूमने आई थीं।
नगला नाथू गांव यमुना किनारे पर ही है। किशोरियां सुबह यमुना नदी के घाट पर नहाने गई थीं। नहाते समय वे नदी की बीच धार में चली गईं और भंवर में फंस गईं। किनारे पर मौजूद अन्य बच्चों ने तुरंत गांव में सूचना दी। स्थानीय गोताखोरों ने तलाश शुरू की, लेकिन किशोरियों को बचाने में देरी हो गई।
सिकंदरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को संभाला और स्टीमर के साथ पीएसी के गोताखोरों को बुलाया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सभी किशोरियों को नदी से निकाला गया, लेकिन तब तक चार की सांसें थम चुकी थीं।
इस हादसे के बाद नगला नाथू और आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई। यमुना के घाट पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। यह हादसा नदी में नहाने की सावधानी बरतने की जरूरत को फिर से रेखांकित करता है। जहां वे नहाने गईं थी वहां नदी का कोई घाट बना हुआ नहीं है।
मौके पर डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी और एडीशनल पुलिस आयुक्त राम बदन सिंह पहुंचे हैं। जिन दो किशोरियों को बचाया गया है, उन्हें प्रवाह हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *