पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र को मिली ऐतिहासिक सौगात: ₹37 करोड़ से बनेगा आधुनिक नाला, जलभराव से मिलेगी स्थायी राहत
मुज़फ्फरनगर।पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र के लिए एक बड़ी और महत्वपूर्ण विकासात्मक उपलब्धि सामने आई है। पुरकाजी विधानसभा सीट से राष्ट्रीय लोक दल के विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री श्री अनिल कुमार के सतत प्रयासों से क्षेत्र को सीवरेज एवं जल निकासी व्यवस्था की बड़ी सौगात मिली है।

वित्तीय वर्ष 2025–26 में राज्य सेक्टर कार्यक्रम के अंतर्गत सीवरेज एवं जल निकासी योजना के तहत मुजफ्फरनगर में जेल गेट से गांधी कॉलोनी, पचेण्डा रोड होते हुए बाईपास तक नाला निर्माण कार्य के लिए कुल ₹37 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने के उद्देश्य से ₹5 करोड़ की प्रथम किस्त भी अवमुक्त कर दी गई है।
यह परियोजना पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और दूरगामी लाभ देने वाली मानी जा रही है। संबंधित मार्ग शहर का प्रमुख एवं अत्यधिक व्यस्त मार्ग है, जहां वर्षों से जलभराव, गंदे पानी की निकासी और लगातार लगने वाले जाम के कारण आम नागरिकों, व्यापारियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
नाला निर्माण कार्य के पूर्ण होने के बाद जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित होगा। इसके साथ ही यह मार्ग अधिक चौड़ा, सुगम और सुरक्षित बनेगा, जिससे यातायात व्यवस्था मजबूत होगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। व्यापार, आवागमन और नागरिक सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।
इस महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी परियोजना की स्वीकृति पर कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने प्रदेश के यशस्वी माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी के कुशल नेतृत्व और जनहित के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण के कारण पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र में लगातार विकास कार्य संभव हो पा रहे हैं।
क्षेत्रवासियों ने भी इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे पुरकाजी के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया है।

