पंचकूला। सकेतड़ी में किराये पर रहने वाले हिसार के बरवाला निवासी परिवार द्वारा कथित सामूहिक आत्महत्या मामले में पांच दिन में पुलिस की जांच एक कदम भी आगे नहीं बढ़ पाई है। या तो पुलिस जांच के नाम पर खानापूर्ति कर रही है या फिर सही दिशा में जांच ही नहीं की जा रही।
पूरी कहानी सुसाइड नोट के आधारित है, मगर यहां सुसाइड नोट ही सवालों के घेरे में है। अब तक पुलिस न तो वह पेन बरामद कर पाई है, जिससे सुसाइड नोट लिखा गया है और न ही परिवार के लोगों को सुसाइड नोट दिखाया गया है।

एक गाड़ी में मिले पांच मृत लोग

सकेतड़ी में किराये पर रहने वाले प्रवीण मित्तल का परिवार 26 मई को सेक्टर-27 में एक गाड़ी में मृत पाया गया। इनमें प्रवीण के पिता देशराज, माता बिमला देवी, पत्नी रीना गुप्ता, बेटा हार्दिक, बेटी ध्रुविका और डैलिसा शामिल थे।

जिस समय स्थानीय निवासी हर्ष ने उनको देखा उस समय प्रवीण की हालत भी गंभीर बनी हुई थी। पांच मिनट हर्ष से बात करने के बाद प्रवीण भी अचेत हो गया। सूचना पुलिस को दी गई और सभी को अस्पताल ले जाया गया।
प्रवीण के अलावा सभी को सेक्टर-26 के ओजस अस्पताल ले जाया गया, जहां उनको मृत घोषित कर दिया गया। वहीं प्रवीण को सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटनास्थल से मिला दो पेज का सुसाइड नोट

घटना के बाद जांच में पुलिस को दो पेज का सुसाइड नोट बरामद होता है, जिससे यह मान लिया जाता है कि परिवार ने कर्ज से परेशान होकर आत्महत्या की है। उसके बाद भी पुलिस पांच टीमों का गठन जांच के लिए करती है।

पुलिस को भी अंदेशा था कि इस मामले में कोई और कहानी हो सकती है। मगर पांच दिन बीतने के बाद भी अभी तक पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *