मुरादाबाद। शाहरुख की हत्या रंजिशन नहीं बल्कि बहन के प्रेमी राजा ने नाबालिग के साथ मिलकर की थी। मृतक प्रेम में बाधा बन रहा था जबकि नाबालिग आरोपित के पिता के साथ मृतक ने 15 दिन पहले मारपीट की थी। दोनों ने योजना बनाकर शाहरुख के सिर में गोली मारकर हत्या की। गोली नाबालिग आरोपित ने मारी।

जबकि मृतक की बहन ने रंजिशन हत्या करने की बात कहते हुए चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने मृतक की बहन के प्रेमी राजा और नाबालिग आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। राजा को जेल और नाबालिग को बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया।

जयंतीपुर चौकी क्षेत्र के मीनानगर तिकोनिया मस्जिद के पीछे रहने वाले शाहरुख वेल्डिंग और मजदूरी करते थे। शाहरुख का शव गुरुवार को सुबह घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर चबूतरे पर पड़ा था। हत्या सिर में गोली मारकर की थी।

मृतक की बहन फातिमा ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया था कि भाई का मुहल्ले के ही अमान, साजिब, अनीस और सालिम से वर्ष 2016 में विवाद हुआ था। इस मामले में भाई ने चारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामला कोर्ट में विचाराधीन है। इसी के चलते चारों आरोपित मिलकर भाई पर मुकदमे में फैसले का दबाव बना रहे थे। भाई ने इन्कार किया तो आरोपित और रंजिश मानने लगे।

शाहरुख की हत्या में पुलिस कर रही थी पड़ताल

बुधवार की रात करीब नौ बजे शाहरुख घर से खाना खाकर टहलने के लिए निकला था। रात में उसकी गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने अमान, साजिब, अनीस और सालिम के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की थी, लेकिन पुलिस शुरुआत से ही घटना को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रही थी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी। घटनास्थल के आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो दो आरोपित दिख गए। पुलिस ने दोनों को चिन्हित कर गुरुवार की शाम ही गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने किया राजफाश

शुक्रवार को घटना का राजफाश करते हुए एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि घटना के बाद मुहल्ले के ही राजा उर्फ गुलबेज से मृतक की बहन फातिमा का प्रेम प्रसंग था। राजा उसके घर आता-जाता था। जिसका शाहरुख विरोध करता था। कई बार कहासुनी भी हुई। उधर नाबालिग आरोपित के पिता से शाहरुख का 15 दिन पहले विवाद हो गया। शाहरुख ने उसकी चप्पलों से पिटाई कर दी थी। ऐसे में नाबालिग आरोपित भी रंजिश मानने लगा। इसी बात का लाभ उठाकर राजा ने तभी नाबालिग को अपनी योजना बनाई। हत्या करने में साथ रहने के लिए एक लाख रुपये और जमानत कराने का वादा किया।

हत्या के इरादे से घर से निकले थे

बुधवार की रात दोनों शाहरुख की हत्या करने के इरादे से घर से निकल आए। रात में करीब दो बजे शाहरुख चबूतरे पर बैठा हुआ दिख गया। तभी नाबालिग आरोपित ने सिर में गोली मार दी और दोनों घर चले गए। पुलिस ने हत्यारोपितों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया है।

एसपी सिटी ने बताया कि नामजद आरोपितों और मृतक की बहन की भूमिका की जांच चल रही है। आरोपित राजा ने हत्या करने से पहले और बाद में मृतक की बहन से फोन पर बात की है।

हत्या से पहले और बाद में लगातार फातिमा से बात करता रहा राजा

एसपी सिटी ने बताया कि मृतक की बहन फातिमा की भूमिका भी संदिग्ध है। क्योंकि आरोपित के मोबाइल की काल डिटेल निकलवाई तो पता चला कि आरोपित मृतक की बहन फातिमा से हत्या करने से पहले और बाद में लगातार बात करता रहा। गुरुवार को दिन में भी गिरफ्तारी से पहले आरोपित ने कई बार फोन पर बात की।

कुछ लोगों ने रात में ही देख लिया था राजा

पुलिस के अनुसार जिस समय राजा ने शाहरुख की हत्या की उसी दौरान कुछ लोगों ने उसे देख लिया था। गुरुवार को सुबह जब पुलिस पहुंची तब लोगों ने पुलिस को बता दिया था। तभी से पुलिस उसकी तलाश में जुट गई थी। उधर जैसे ही आरोपित राजा को यह पता चला कि पुलिस ने अन्य चार आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है तो वह निश्चिंत हो गया। तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *