भारतीय किसान यूनियन ने पुरकाजी ब्लॉक अध्यक्ष की नियुक्ति की, नवीन राठी ने मनीष प्रधान को सौंपी जिम्मेदारी
अनुज त्यागी
मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन ने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए पुरकाजी ब्लॉक में नई जिम्मेदारी सौंपी है। भाकियू जिलाध्यक्ष चौधरी नवीन राठी ने क्षेत्र में संगठन के कार्यों को गति देने के लिए मनीष प्रधान को पुरकाजी ब्लॉक अध्यक्ष के पद पर मनोनीत किया है।

नवीन राठी,जिलाध्यक्ष
18 अगस्त 2026 को जारी मनोनयन पत्र में भाकियू जिलाध्यक्ष चौधरी नवीन राठी ने मनीष प्रधान को नई जिम्मेदारी सौंपते हुए संगठन की नीतियों, कार्यक्रमों और किसान हित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने की अपेक्षा जताई है। पत्र में संगठन को मजबूत करने तथा उसकी नीतियों और कार्यक्रमों का प्रचार-प्रसार करने की जिम्मेदारी भी दी गई है।
चौधरी नवीन राठी ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन किसानों के हितों के लिए लगातार संघर्ष करती रही है। संगठन का उद्देश्य गांव और क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को मजबूती से उठाना है। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारियां ऐसे कार्यकर्ताओं को दी जा रही हैं, जो संगठन के प्रति सक्रिय हैं और किसानों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि मनीष प्रधान पुरकाजी क्षेत्र में संगठन को और मजबूत करने का काम करेंगे।
नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष मनीष प्रधान ने संगठन नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में गांव-गांव तक भाकियू की नीतियों और किसान हित के मुद्दों को पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
मनीष प्रधान ने कहा कि किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठन के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे और क्षेत्र के किसानों की आवाज को संबंधित अधिकारियों और शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का काम करेंगे।
नवीन राठी की ओर से मनोनयन के बाद समर्थकों और संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने मनीष प्रधान को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं। माना जा रहा है कि इस नियुक्ति से पुरकाजी क्षेत्र में भारतीय किसान यूनियन के संगठनात्मक कामकाज को और मजबूती मिलेगी।
#Muzaffarnagar #RajsattaPost #AnujTyagiPost

