सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल पहुंचे सांसद हरेंद्र मलिक के आवास, आगामी चुनावों पर की चर्चा
मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल बुधवार को मुजफ्फरनगर पहुंचे। यहां उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद हरेंद्र मलिक के प्रेमपुरी स्थित आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान पार्टी के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया।
सांसद हरेंद्र मलिक के आवास पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने भारतीय जनता पार्टी और उसकी नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा शोषित, वंचित और उपेक्षित वर्ग को राजनीतिक मंच देकर उन्हें आगे बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों की राजनीतिक नर्सरी तैयार की और ऐसे लोगों को आगे बढ़ाकर संसद तक पहुंचाने का काम किया।
श्याम लाल पाल ने प्रदेश की मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज प्रदेश और देश में लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपने अधिकारों की मांग करने वाले युवाओं और बेरोजगारों पर लाठियां चलाई जा रही हैं, उनके सिर फोड़े जा रहे हैं और उन्हें जेलों में भेजा जा रहा है।
उन्होंने दावा किया कि जनता अब भारतीय जनता पार्टी के किसी भी छलावे में आने वाली नहीं है और आने वाले चुनाव में जनता इस सरकार को उखाड़ फेंकने का काम करेगी। ‘चवन्नी को रुपया बनाने’ वाले बयान के सवाल पर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने बहुत से लोगों को रुपया बनाने का काम किया है।
आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी ‘इंडिया गठबंधन’ के साथ मजबूती से मैदान में है। बसपा या अन्य दलों को गठबंधन में शामिल करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाने के विचार से जो भी दल सहमत हैं, वे सभी साथ आ सकते हैं।
इस दौरान समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष जिया चौधरी, वरिष्ठ समाजवादी नेता चौधरी ईलम सिंह गुर्जर, चरथावल विधायक पंकज मलिक, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा, जिला महासचिव सोमपाल भाटी, महानगर अध्यक्ष बॉबी त्यागी, दर्शन पाल, शमशेर मलिक, गोल्डी अहलावत, कपिल मलिक, राशिद मलिक, पवन पाल सहित समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
#Muzaffarnagar #SamajwadiParty #RajsattaPost #AnujTyagiPost

