इतिहास से छेड़छाड़ के विरोध में गुर्जर समाज ने कलेक्ट्रेट पर दिया ज्ञापन, दी आंदोलन की चेतावनी

अनुज त्यागी

मुजफ्फरनगर। इतिहास के साथ कथित छेड़छाड़ के विरोध में गुर्जर समाज के प्रतिनिधियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। अखिल भारतीय गुर्जर महासभा (1908) के जिलाध्यक्ष मास्टर ऋषिपाल सिंह के आह्वान पर समाज के लोगों ने ऐतिहासिक तथ्यों में किए जा रहे कथित बदलावों पर विरोध जताया।

कलेक्ट्रेट परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए राष्ट्रीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र सिंह ने कहा कि समाज के महापुरुषों और इतिहास के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने हाल ही में प्रकाशित एक पुस्तक का उल्लेख करते हुए कहा कि राजस्थान में वर्ष 2022 में ‘भारत नारी रत्न’ प्रकाशन की एक पुस्तक विमोचित हुई थी, जिसके पृष्ठ संख्या 8 पर मां पन्ना धाय गुजरी को “खीची राजपूत” लिखा गया है। उन्होंने इसे गलत बताते हुए आपत्ति जताई।

रविन्द्र सिंह ने कहा कि पहले सम्राट मिहिर भोज और गुर्जर नाम के इतिहास के साथ छेड़छाड़ की गई और अब मां पन्ना धाय गुजरी के इतिहास को बदलने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज की मांग है कि ऐतिहासिक तथ्यों को प्रमाणिकता के साथ प्रस्तुत किया जाए और किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक या गलत जानकारी को दुरुस्त किया जाए।

उन्होंने कहा कि गुर्जर समाज अपने इतिहास और स्वाभिमान से कोई समझौता नहीं करेगा। यदि इतिहास में हुई कथित गलतियों और छेड़छाड़ को दूर नहीं किया गया तो समाज आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा।

ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि विवादित पुस्तक में दर्ज तथ्यों और इतिहास में हुई गलतियों की जांच कर आवश्यक सुधार किया जाए। जिलाधिकारी ने ज्ञापन को संबंधित उच्च अधिकारियों तक भेजने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष मास्टर ऋषिपाल सिंह, प्रदेश संगठन मंत्री महकार सिंह, राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र सिंह, सतेंद्र आर्य, प्रधान ओमवीर सिंह, प्रधान संतर पाल, प्रधान प्रवीण कुमार, अमित कुमार, धीर सिंह, प्रेम सिंह नेता, प्रधान ओमेंद्र, राजबीर सिंह, देवेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह, विनोद कुमार, जयप्रकाश, ज्ञान सिंह, ओमपाल सिंह, प्रभु दयाल, सुरेश कुमार, कार्तिक सिंह, हर्षित प्रधान, विवेक भड़ाना, बिजेंद्र सिंह, प्रधान अभिनव गुर्जर, नितिन गुर्जर, विवेक भाटी, अक्षित गुर्जर, संजय फौजी, सुरेंद्र गुर्जर, बोबिंदर गुर्जर, महकार चेयरमैन, कनक सिंह नेता, शाखा गुर्जर, अमित शास्त्री, राहुल गुर्जर, चौधरी रामफल सिंह दरोगा और योगेश प्रधान सहित गुर्जर समाज के अनेक लोग मौजूद रहे।

#Muzaffarnagar #GurjarSamaj #RajsattaPost #AnujTyagiPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *