हरियाणा पुलिस बताकर स्थानीय पुलिस को बिना सूचना के चरथावल के पत्रकार को ले जाने का प्रयास, मचा हड़कम्प

राजसत्ता पोस्ट

मुजफ्फरनगर जनपद के थाना चरथावल क्षेत्र में दैनिक जनवाणी के पत्रकार मोइन त्यागी को कथित रूप से हरियाणा पुलिस की टीम द्वारा अपने साथ ले जाने के प्रयास को लेकर बिरालसी चौकी पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार, स्वयं को हरियाणा पुलिस बताने वाली एक टीम पत्रकार को अपने साथ ले जा रही थी। आरोप है कि इस कार्रवाई की स्थानीय चरथावल पुलिस को पूर्व सूचना नहीं दी गई थी।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता और कई गणमान्य लोग बिरालसी चौकी पहुंच गए। उन्होंने संबंधित टीम से कार्रवाई का आधार, शिकायत और कानूनी प्रक्रिया की जानकारी मांगी। मौजूद लोगों का कहना था कि टीम मौके पर यह स्पष्ट नहीं कर सकी कि पत्रकार को किस मामले में और किन धाराओं के तहत ले जाया जा रहा है। विरोध बढ़ने और स्थानीय लोगों के एकत्र होने के बाद पत्रकार को वहीं छोड़ दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र के एक व्यक्ति द्वारा किसी मामले में शिकायत दी गई है, हालांकि बताया जा रहा है कि पत्रकार का उस प्रकरण से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है। घटना के बाद क्षेत्र के पत्रकारों ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा तथ्य स्पष्ट करने की मांग की है। फिलहाल मामले में पुलिस का आधिकारिक बयान आना बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *