विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत छूटे सभी पात्र लोगों को लाभान्वित करें: डीएम डॉ. अमित पाल
कौशांबी। जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने शुक्रवार को “गांव की समस्या, गांव में समाधान” अभियान के तहत विकास खंड सिराथू के ग्राम गिरधरपुर में ग्राम चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट कहा कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित कोई भी पात्र व्यक्ति नहीं रहना चाहिए और सभी छूटे हुए पात्र लाभार्थियों को शीघ्र योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।

ग्राम चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से आंगनबाड़ी के माध्यम से मिलने वाले पुष्टाहार, राशन वितरण, वृद्धावस्था पेंशन, शौचालय, कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं के लाभ के बारे में जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन पात्र लोगों को अभी तक योजनाओं का लाभ नहीं मिला है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर लाभान्वित किया जाए।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें स्वास्थ्य सेवाएं संतोषजनक रूप से मिल रही हैं तथा आशा और एएनएम नियमित रूप से गांव में आकर सेवाएं दे रही हैं। शिक्षा व्यवस्था की जानकारी लेने पर जिलाधिकारी ने विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और संबंधित अधिकारी को विद्यालय का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार वितरित किया तथा छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया। साथ ही आयुष्मान भारत योजना के पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित करते हुए अधिक से अधिक लोगों को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए।
ग्रामवासियों की मांग पर जिलाधिकारी ने गांव में खेल का मैदान विकसित कराने के लिए उप जिलाधिकारी को उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए, ताकि युवाओं और बच्चों को खेलकूद की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
जल जीवन मिशन के संबंध में ग्रामीणों ने शिकायत की कि गांव के कुछ हिस्सों में अभी भी नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। इस पर जिलाधिकारी ने सहायक अभियंता जल निगम एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल आपूर्ति की स्थिति का निरीक्षण करें तथा पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत का सत्यापन कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि आवास प्लस सर्वे के तहत 189 परिवारों को चिन्हित किया गया है और अंतिम सूची तैयार की जा रही है। सूची तैयार होते ही पात्र परिवारों को आवास योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा। वहीं मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत भी पांच नए पात्र लाभार्थियों को चिन्हित किया गया है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने जानकारी दी कि गांव के 20 लोगों को वृद्धावस्था पेंशन का लाभ मिल रहा है। परिवार रजिस्टर के सत्यापन के बाद 14 और पात्र लोगों की पहचान की गई है, जिन्हें जल्द ही योजना का लाभ दिया जाएगा। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी ने बताया कि ग्राम के छह दिव्यांगजन वर्तमान में पेंशन योजना से लाभान्वित हो रहे हैं।
ग्राम चौपाल के दौरान समाज कल्याण विभाग, पूर्ति विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों ने भी ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और पात्र लोगों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध ढंग से पहुंचाया जाए।

