कांवड़ यात्रा: मुजफ्फरनगर में 3 से 10 अगस्त तक सभी सरकारी-गैर सरकारी शिक्षण संस्थान रहेंगे बंद
मुजफ्फरनगर, 1 अगस्त 2026। कांवड़ यात्रा के सुचारु संचालन और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए जिला प्रशासन ने जनपद के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी शिक्षण संस्थानों में 03 अगस्त 2026 से 10 अगस्त 2026 तक अवकाश घोषित किया है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के 1 अगस्त 2026 के आदेश के अनुपालन में यह निर्णय लिया गया है। आदेश के अनुसार जनपद के सभी प्री-प्राइमरी, प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय, यूपी बोर्ड, सीबीएसई एवं आईसीएसई बोर्ड से संबद्ध विद्यालय, डिग्री कॉलेज, डायट तथा तकनीकी संस्थान 3 अगस्त से 10 अगस्त 2026 तक बंद रहेंगे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों और प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है कि निर्धारित अवधि में अवकाश सुनिश्चित करते हुए जिलाधिकारी के आदेश का कड़ाई से पालन किया जाए।
प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान जनपद में श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि विद्यार्थियों, अभिभावकों और आम नागरिकों की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित की जा सके।

