पीनना बाईपास पर 50 वर्षीय सुभाष की गोली मारकर हत्या, SSP संजय कुमार वर्मा मौके पर पहुंचे
अनुज त्यागी
मुजफ्फरनगर। नगर कोतवाली क्षेत्र के पीनना बाईपास पर मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव किनोनी निवासी करीब 50 वर्षीय सुभाष पुत्र रणवीर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के तमाम अधिकारी मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच शुरू कर दी।

मृतक सुभाष साइकिल से उस स्थान की ओर जा रहे थे, जहां वह काम करते थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। नगर कोतवाली प्रभारी बृजेश शर्मा भी अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे।
पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा मामला
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने घटनास्थल पर मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि कुछ समय पूर्व गांव की एक 22 वर्षीय युवती और एक युवक के बीच प्रेम संबंध का मामला सामने आया था। दोनों एक ही जाति के बताए गए हैं और घर से चले गए थे।
इस मामले में पुलिस ने युवती को बरामद कर लिया था, जबकि युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई थी। एसएसपी के अनुसार, प्रथम दृष्टया सामने आया है कि इसी पुराने विवाद और रंजिश के चलते दूसरे पक्ष द्वारा युवक के पिता सुभाष को निशाना बनाया गया और उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई।
हालांकि हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटना में शामिल आरोपियों की भूमिका पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें गठित
हत्या की घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए कई टीमों का गठन किया है। पुलिस टीमों द्वारा घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
SSP ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

