यूजीसी नियमों व आरक्षण व्यवस्था के विरोध में राष्ट्रीय त्यागी भूमिहार महासभा की पदयात्रा, मुजफ्फरनगर में पुलिस ने रोका; आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग
आरक्षण आर्थिक स्थिति के आधार पर मिले, यूजीसी नियमों के खिलाफ सड़क पर उतरे अक्षु त्यागी और ममता त्यागी
मुजफ्फरनगर। यूजीसी कानून 2026 को लेकर विरोध के बीच राष्ट्रीय त्यागी भूमिहार महासभा के नेतृत्व में हरिद्वार से दिल्ली तक निकाली गई पदयात्रा सोमवार शाम मुजफ्फरनगर पहुंची। राष्ट्रीय अध्यक्ष अक्षु त्यागी के नेतृत्व में निकली इस पदयात्रा में सवर्ण समाज के बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। हरिद्वार से मुजफ्फरनगर तक जगह-जगह पदयात्रियों का स्वागत किया गया।
पदयात्रा की शुरुआत हरिद्वार से हुई थी। राष्ट्रीय अध्यक्ष अक्षु त्यागी हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर दिल्ली के जंतर मंतर के लिए रवाना हुए। सोमवार शाम मुजफ्फरनगर पहुंचने के बाद शिव चौक स्थित शिव मंदिर में उन्होंने गंगाजल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया।
जलाभिषेक के बाद जब पदयात्रा में शामिल लोग दिल्ली की ओर आगे बढ़ने लगे तो मुजफ्फरनगर पुलिस ने शिव चौक पर ही प्रतिनिधिमंडल को रोक लिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस-प्रशासन के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। मौके पर पहुंचे आईपीएस सिद्धार्थ के. मिश्रा, ASP/CO सिटी ने पुलिस बल के साथ प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को संभाला।
पदयात्रा में राष्ट्रीय संयोजक सुनील त्यागी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सोनू त्यागी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हरिओम त्यागी, संजय त्यागी मंडल अध्यक्ष, त्यागी भूमिहार समाज के प्रमुख नेता बॉबी त्यागी तथा समाज के नेता मुकेश त्यागी, शेखर खेमचंद त्यागी, त्यागी सभा भवन के अध्यक्ष शिवकुमार त्यागी, प्रमोद त्यागी उमेश त्यागी बृजेश त्यागी, और हिमांशु त्यागी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
पदयात्रा का नेतृत्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अक्षु त्यागी और महिला जिला अध्यक्ष ममता त्यागी कर रही थीं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनकी लड़ाई किसी विशेष जाति या समाज के खिलाफ नहीं है। उनकी मांग है कि आरक्षण व्यवस्था को आर्थिक आधार पर लागू किया जाए और यूजीसी कानून 2026 को समाप्त किया जाए।
संगठन की ओर से प्रधानमंत्री के नाम दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि प्रस्तावित यूजीसी व्यवस्था से सामाजिक समरसता, आपसी विश्वास और बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर एवं दूरगामी प्रभाव पड़ने की आशंका है। संगठन का दावा है कि बच्चों को जाति आधारित समूहों में बांटने से समाज में आपसी दूरी और मानसिक द्वेष बढ़ सकता है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आरक्षण का लाभ जाति के आधार पर नहीं बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को मिलना चाहिए। उन्होंने आरक्षण व्यवस्था में आर्थिक स्थिति को आधार बनाए जाने की मांग उठाई।
इस दौरान मुजफ्फरनगर के मुस्लिम समाज के लोग भी पदयात्रा के समर्थन में शामिल हुए। संगठन के अनुसार हरिद्वार से मुजफ्फरनगर तक यात्रा को सवर्ण समाज के लोगों का जगह-जगह समर्थन मिला और पदयात्रियों का स्वागत किया गया।
पुलिस द्वारा शिव चौक पर रोके जाने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष अक्षु त्यागी और महिला जिला अध्यक्ष ममता त्यागी ने आईपीएस सिद्धार्थ के. मिश्रा, ASP/CO सिटी तथा नगर मजिस्ट्रेट पंकज राठौर को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। इसके बाद अधिकारियों के आश्वासन पर पदयात्रा को फिलहाल मुजफ्फरनगर में रोक दिया गया।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द उचित कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले समय में बड़े आंदोलन का निर्णय लिया जा सकता है।
#Muzaffarnagar #UGC2026 #TyagiSamaj #Reservation #UPNews #RajsattaPost

