फतेहपुर में 700 महिला पुलिसकर्मियों को करवाचौथ मनाने के लिए मिली छुट्टी, SP अभिमन्यु मांगलिक के फैसले की हो रही तारीफ
फतेहपुर, उत्तर प्रदेश। करवाचौथ के अवसर पर फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने जिले में तैनात करीब 700 महिला पुलिसकर्मियों को छुट्टी देने का फैसला लिया है। इस फैसले की काफी सराहना हो रही है। छुट्टी मिलने से महिला पुलिसकर्मी अपने परिवार के साथ रहकर त्योहार मना सकेंगी और व्रत रख सकेंगी।
जानकारी के अनुसार, फतेहपुर जिले के 23 थानों और 40 पुलिस चौकियों पर कांस्टेबल से लेकर सब-इंस्पेक्टर रैंक तक की महिला पुलिसकर्मी तैनात हैं। करवाचौथ पर छुट्टी देने से पहले थानाप्रभारियों से उन महिला पुलिसकर्मियों की सूची मांगी गई थी, जो व्रत रखना चाहती थीं।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने अधीनस्थ अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए वैकल्पिक इंतजाम करने के निर्देश दिए, ताकि महिला पुलिसकर्मियों को त्योहार मनाने का अवसर मिल सके और पुलिस व्यवस्था भी प्रभावित न हो।
पहले भी कर चुके हैं ऐसी पहल
एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि भदोही में तैनाती के दौरान भी उन्होंने करवाचौथ के अवसर पर महिला पुलिसकर्मियों को छुट्टी दी थी। इस बार फतेहपुर में भी उन्होंने इसी पहल को आगे बढ़ाया है।
छुट्टी मिलने से महिला पुलिसकर्मियों में खुशी का माहौल है। एक महिला कांस्टेबल ने बताया कि छह साल की सेवा में वह पहली बार करवाचौथ का व्रत घर पर रहकर रख सकेंगी। वहीं, महिला पुलिसकर्मी अमृता सिंह ने कहा कि पुलिस की नौकरी काफी चुनौतीपूर्ण होती है और परिवार के साथ समय बिताने के मौके कम मिलते हैं। ऐसे में करवाचौथ पर छुट्टी मिलने से वह त्योहार को अच्छी तरह मना सकेंगी।
महिला पुलिसकर्मियों को त्योहार पर परिवार के साथ समय बिताने का अवसर देने की इस पहल को पुलिस विभाग में संवेदनशीलता और पारिवारिक जिम्मेदारियों के प्रति सकारात्मक कदम के रूप में देखा जा रहा है।
#Fatehpur #UPPolice #KarwaChauth #WomenPolice #RajsattaPost
