पुलिस की मुठभेड़ में महिला से कुंडल लूटने वाला बदमाश गोली लगने के बाद गिरफ्तार, एक साथी फरार
राजसत्ता पोस्ट |असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर नई मंडी थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने महिला के कान से कुंडल झपटने की वारदात का सफल खुलासा करते हुए एक बदमाश को पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से महिला से लूटा गया कुंडल, एक अवैध तमंचा तथा कारतूस बरामद किए गए हैं। उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार 30 जुलाई को नई मंडी थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के कान से कुंडल झपट लिया था। पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर नई मंडी थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई। शुक्रवार देर रात रथेड़ी कट के पास संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान एक बाइक पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस का कहना है कि दोनों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घायल आरोपी की पहचान राजकुमार बावरिया पुत्र प्रेम बावरिया निवासी झिंझाना, जनपद शामली के रूप में हुई। उसके कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा महिला से लूटा गया पीली धातु का कुंडल बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक राजकुमार शातिर अपराधी है और उसके विरुद्ध विभिन्न थानों में लूट सहित गंभीर धाराओं में चार मुकदमे दर्ज हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

