22 दिन, हजारों किलोमीटर और अनगिनत चुनौतियां: विकास बालियान की फिल्म ‘मुजफ्फरनगर टू कश्मीर’ की शूटिंग पूरी
मुजफ्फरनगर। हरियाणवी सिनेमा में वास्तविक घटनाओं और सामाजिक सरोकारों पर आधारित फिल्में बनाने के लिए पहचान बना रहे अभिनेता, लेखक और निर्देशक विकास बालियान की बहुप्रतीक्षित फीचर फिल्म “मुजफ्फरनगर टू कश्मीर” का करीब 22 दिनों का विशाल शूटिंग शेड्यूल सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। मुजफ्फरनगर से शुरू होकर पंजाब, जम्मू और कश्मीर की खूबसूरत वादियों तक पहुंची इस यात्रा में फिल्म यूनिट ने सुरक्षा जांच, लंबे जाम, नेटवर्क की समस्या, कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और कई अप्रत्याशित घटनाओं के बीच शूटिंग पूरी की।

विकास बालियान ने बताया कि फिल्म यूनिट ने 4 जुलाई को करीब 20 कलाकारों और तकनीकी सदस्यों के साथ चार वाहनों में कश्मीर के लिए रवाना होकर अनंतनाग, पहलगाम, पुलवामा, श्रीनगर, सांबा, पूंछ और राजौरी सहित कई स्थानों पर शूटिंग की। संयोग से उसी समय अमरनाथ यात्रा भी चल रही थी, जिसके चलते पूरे जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त थी। जगह-जगह पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की जांच के कारण कई बार फिल्म यूनिट को रोककर पूछताछ की गई और अपने शूटिंग उद्देश्य की जानकारी देनी पड़ी।
उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान कई बार चारों वाहन एक-दूसरे से अलग हो गए। पोस्टपेड या स्थानीय सिम के अलावा मोबाइल नेटवर्क काम नहीं कर रहा था, जिससे संपर्क बनाए रखना भी बड़ी चुनौती बन गया। कई स्थानों पर घंटों जाम और सुरक्षा जांच के बाद ही आगे बढ़ने की अनुमति मिली। ऐसे समय में भारतीय सेना और सीआरपीएफ के अधिकारियों व जवानों ने सहयोग करते हुए यूनिट को सुरक्षित अगले पड़ाव तक पहुंचाने में मदद की।

विकास बालियान के अनुसार कश्मीर की वादियों में शूटिंग के दौरान वहां के स्थानीय लोगों और वन गुर्जर परिवारों ने पूरी यूनिट का बेहद आत्मीयता से स्वागत किया। कई स्थानों पर पूरी टीम के लिए भोजन और चाय-नाश्ते की व्यवस्था की गई तथा किसी ने कोई शुल्क लेने से भी इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि कश्मीर के लोगों की मेहमाननवाजी और सहयोग ने पूरी टीम पर गहरी छाप छोड़ी।
शूटिंग के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को भी बेहद करीब से देखने का अवसर मिला। कई बार शाम के बाद आवाजाही सीमित होने पर सेना के अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर पूरी यूनिट को सुरक्षित होटल तक पहुंचाया। राजौरी में एक स्थान पर सीआरपीएफ और सुरक्षा एजेंसियों ने कैमरे, उपकरण और शूट किए गए फुटेज की जांच की। फिल्म की कहानी और उद्देश्य जानने के बाद अधिकारियों ने शूटिंग जारी रखने की अनुमति दी और आगे के सुरक्षा चेक पोस्टों को भी यूनिट की जानकारी दे दी।

पूरे अभियान का सबसे रोमांचक पल मुजफ्फरनगर के शुक्रतीर्थ में सामने आया, जहां गंगा किनारे शूटिंग के दौरान अचानक एक मगरमच्छ फिल्म यूनिट से करीब पांच मीटर की दूरी तक पहुंच गया। कुछ देर के लिए शूटिंग रोकनी पड़ी और सभी लोग सुरक्षित स्थान पर चले गए। स्थिति सामान्य होने के बाद दोबारा शूटिंग शुरू की गई।
विकास बालियान ने बताया कि इस पूरे अभियान में कई लोगों का महत्वपूर्ण सहयोग मिला। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत लगातार यूनिट के संपर्क में रहे और समय-समय पर स्थिति की जानकारी लेते रहे। उनके प्रयासों से जम्मू-कश्मीर सरकार के उपमुख्यमंत्री सुरेंद्र सिंह से संपर्क स्थापित हुआ। उनके पीआरओ वसीम खान ने स्थानीय स्तर पर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया। इसके अलावा मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के राष्ट्रीय संयोजक गिरीश जुआल भी लगातार संपर्क में रहे और कई स्थानों पर समन्वय स्थापित करने में मदद की।

कश्मीर शेड्यूल पूरा होने के बाद फिल्म के महत्वपूर्ण दृश्य मुजफ्फरनगर के शुक्रतीर्थ, तुगलकपुर, कनाड़ा के सेंचुरी कैमरा गांव, फन कार्निवल और अमेडा सहित कई स्थानों पर फिल्माए गए।
विकास बालियान ने बताया कि “मुजफ्फरनगर टू कश्मीर” केवल मनोरंजन नहीं बल्कि सामाजिक संदेश देने वाली फिल्म है। इसमें कश्मीर की प्राकृतिक सुंदरता के साथ कश्मीरी पंडितों के विस्थापन, मानवीय संवेदनाओं, संघर्ष और रिश्तों को भी संवेदनशील तरीके से प्रस्तुत किया गया है।
फिल्म में विकास बालियान, वर्षा ठाकुर, पूजा नेगी, विल्सन सिरोही, शिवांक बालियान, आदित्य राठी, अमित पांचाल, रमेश चंद्र आर्य, अतुल वत्सल, चुलबुल पांडे, मधु चौधरी, आर.के. रोशन, रिया चौधरी, विपिन चौधरी जाज़ सहित कई कलाकार नजर आएंगे। फिल्म की निर्माता सुमन बालियान हैं, जबकि कहानी, संवाद, स्क्रीनप्ले और निर्देशन स्वयं विकास बालियान ने किया है।
विकास बालियान का कहना है कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद पूरी टीम ने 22 दिनों तक बिना मनोबल खोए हर चुनौती का सामना किया। उन्हें विश्वास है कि “मुजफ्फरनगर टू कश्मीर” हरियाणवी फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाएगी। यह फिल्म जल्द ही सुखराग मूवीस के यूट्यूब चैनल पर रिलीज की जाएगी।

