बुढ़ाना के निजी अस्पताल में डिलीवरी के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत, परिजनों का हंगामा, लापरवाही के आरोप

कुलदीप वर्मा,

मुजफ्फरनगर। जनपद के बुढ़ाना कस्बे स्थित एक निजी अस्पताल में शनिवार देर रात डिलीवरी के दौरान जच्चा और नवजात की मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और चिकित्सक व अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

परिजनों का आरोप है कि प्रसव के दौरान महिला की हालत बिगड़ने के बावजूद समय रहते उचित उपचार उपलब्ध नहीं कराया गया। उनका कहना है कि यदि समय पर सही इलाज मिलता या मरीज को उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया जाता, तो जच्चा और नवजात दोनों की जान बचाई जा सकती थी। घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस अस्पताल में यह घटना हुई है, उसका नाम पहले भी कई बार बदल चुका है। लोगों का दावा है कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस अस्पताल को पूर्व में कई बार सील भी किया जा चुका है। इसके बावजूद कुछ समय बाद अस्पताल दोबारा संचालित होने लगता है, जिससे क्षेत्र में लगातार सवाल उठते रहे हैं।

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि बुढ़ाना क्षेत्र में कई निजी अस्पताल बिना मानकों का पालन किए संचालित हो रहे हैं। उनका कहना है कि कथित झोलाछाप चिकित्सकों और नियमों के विपरीत चल रहे अस्पतालों के कारण पहले भी कई मरीजों की जान जा चुकी है। हर घटना के बाद जांच और कार्रवाई की बात होती है, लेकिन कुछ समय बाद मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है और अस्पताल फिर से संचालित होने लगते हैं।

स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र के युवाओं ने इस संबंध में स्वास्थ्य मंत्री तक शिकायत भेजी थी और अवैध रूप से संचालित अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस और प्रभावी कार्रवाई सामने नहीं आई।

फिलहाल परिजन चिकित्सक और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की ओर से जांच की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण और किसी प्रकार की चिकित्सीय लापरवाही की पुष्टि हो सकेगी।

#RajSattaPost #AnujTyagiPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *