भाकियू अराजनैतिक के राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक बोले: बिजनौर के किसानों को न्याय दिलाने के लिए 6 जुलाई को मुजफ्फरनगर से होगा कूच
अनुज त्यागी
मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक ने प्रेस बयान जारी करते हुए कहा कि बिजनौर जनपद के नजीबाबाद तहसील क्षेत्र के गांव आलोपुर के किसानों को न्याय दिलाने के लिए 6 जुलाई को मुजफ्फरनगर से बड़ी संख्या में किसान बिजनौर के लिए रवाना होंगे। उन्होंने बताया कि भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के सैकड़ों कार्यकर्ता संगठन के संरक्षक बाबा राजेंद्र सिंह मलिक के नेतृत्व में जानसठ स्थित खतौली तिराहे से सुबह 10 बजे कूच करेंगे।
धर्मेंद्र मलिक ने बताया कि गांव आलोपुर का एक किसान अपनी निजी भूमि पर गेट खोलने के मामले में लंबे समय से कानूनी लड़ाई लड़ रहा है, लेकिन आरोप है कि राजस्व विभाग उसकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय कोई सुनवाई नहीं कर रहा। उन्होंने कहा कि किसान को प्रताड़ित करते हुए उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया, जिससे क्षेत्र के किसानों में भारी आक्रोश है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बिजनौर प्रशासन अपनी जिम्मेदारियों से बच रहा है और पीड़ित किसान को न्याय दिलाने में विफल साबित हुआ है। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ी है और किसी भी किसान के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
धर्मेंद्र मलिक ने कहा कि 6 जुलाई को मुजफ्फरनगर और बिजनौर जनपद के हजारों किसान एकजुट होकर पंचायत में शामिल होंगे और किसानों के हक की आवाज बुलंद करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक गिरफ्तार किसानों की रिहाई और उन्हें न्याय नहीं मिलता, तब तक बिजनौर में आंदोलन जारी रहेगा।
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर किसान पंचायत को सफल बनाने का आह्वान किया।
#AnujTyagiPost #RajsattaPost

