कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर हरिद्वार और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त बैठक, सुरक्षा व व्यवस्थाओं पर बनी रणनीति

हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेले को सकुशल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को हरिद्वार के मंगलौर क्षेत्र स्थित शुगर मिल सभागार में हरिद्वार पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस के अधिकारियों की संयुक्त समन्वय बैठक आयोजित की गई। यह बैठक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात के नेतृत्व में संपन्न हुई।

बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात व्यवस्था, विभिन्न मार्गों पर डायवर्जन, भीड़ प्रबंधन और प्रशासनिक समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने कांवड़ मार्गों पर अब तक अधूरे पड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर उन्हें समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।

इसके अलावा जिन स्थानों पर यातायात डायवर्जन, बैरिकेडिंग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जानी हैं, वहां संबंधित थाना प्रभारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश और हरिद्वार पुलिस आपसी समन्वय के साथ कार्य करेगी, ताकि शिवभक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

बैठक में हरिद्वार पुलिस की ओर से पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात निशा यादव, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शेखर चंद्र सुयाल, क्षेत्राधिकारी मंगलौर अभिनव चौधरी, क्षेत्राधिकारी रुड़की ओशीन जोशी, क्षेत्राधिकारी भगवानपुर सुमित पांडे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। वहीं उत्तर प्रदेश की ओर से सहारनपुर नगर पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार, मुजफ्फरनगर पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल चौधरी, क्षेत्राधिकारी नगर विनय द्विवेदी, देवबंद क्षेत्राधिकारी एस.के. गौतम तथा मुजफ्फरनगर और सहारनपुर के कई थाना प्रभारी एवं यातायात अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।

#AnujTyagiPost #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *