भारतीय किसान यूनियन में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, ठाकुर गुलबहार राव बने युवा जिलाध्यक्ष, कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर
मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा संगठनात्मक निर्णय लेते हुए ठाकुर गुलबहार राव को जनपद मुजफ्फरनगर का युवा जिलाध्यक्ष मनोनीत किया है। यह मनोनयन युवा प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह द्वारा जारी नियुक्ति पत्र के माध्यम से किया गया। नियुक्ति की सूचना मिलते ही संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई तथा गुलबहार राव को बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया।
जारी मनोनयन पत्र में युवा जिलाध्यक्ष बनाए गए ठाकुर गुलबहार राव से अपेक्षा की गई है कि वह भारतीय किसान यूनियन की नीतियों, सिद्धांतों और किसान हितों से जुड़े कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। साथ ही संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करते हुए अधिक से अधिक युवाओं को यूनियन से जोड़ेंगे।
गौरतलब है कि ठाकुर गुलबहार राव वर्तमान में भारतीय किसान यूनियन के जनपद मुजफ्फरनगर के महानगर अध्यक्ष एवं एनसीआर महासचिव के रूप में भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे थे। संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका और किसानों के हितों के लिए किए गए कार्यों को देखते हुए उन्हें यह नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने उम्मीद जताई कि ठाकुर गुलबहार राव अपने नए दायित्व का पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करते हुए किसानों की आवाज को और मजबूती देंगे तथा संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
वहीं, राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने उन्हें नई जिम्मेदारी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन किसानों के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ता रहेगा और युवाओं की भागीदारी से संगठन और अधिक मजबूत होगा।
युवा प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह ने कहा कि संगठन को मजबूत करने और युवा शक्ति को जोड़ने के उद्देश्य से यह मनोनयन किया गया है। उन्हें विश्वास है कि ठाकुर गुलबहार राव पूरी ईमानदारी और सक्रियता के साथ संगठन की जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।
नवनियुक्त युवा जिलाध्यक्ष ठाकुर गुलबहार राव ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा, संगठन के विस्तार और चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत एवं चौधरी नरेश टिकैत के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए वह पूरी ताकत के साथ कार्य करेंगे।
#AnujTyagiPost #RajsattaPost


