संघर्ष मोर्चा का दूसरा स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया, चंदन त्यागी बने मुजफ्फरनगर जिलाध्यक्ष
मुजफ्फरनगर। संघर्ष मोर्चा के दूसरे स्थापना दिवस के अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय कार्यालय, मुजफ्फरनगर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश चौधरी ने की, जिसमें संगठन के पदाधिकारियों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्थापना दिवस के अवसर पर केक काटकर और मिठाई वितरित कर खुशियां मनाई गईं।
इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश चौधरी ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जनसेवा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने तथा संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संघर्ष मोर्चा आने वाले समय में पीड़ित किसान और मजदूर भाइयों के अधिकारों की लड़ाई को और मजबूती से लड़ेगा तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए बड़े-बड़े धरने और प्रदर्शन आयोजित करेगा। उन्होंने कहा कि संगठन 36 बिरादरियों को साथ लेकर भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष संजू चौधरी ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया और सभी से संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
स्थापना दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश चौधरी ने राष्ट्रीय सचिव चंदन त्यागी को अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपते हुए संघर्ष मोर्चा का मुजफ्फरनगर जिलाध्यक्ष नियुक्त किया। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष चंदन त्यागी ने संगठन नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर जिले में संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर मजबूती से कार्य करने का प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान शहीद राजा को जिला प्रभारी, हाजी आबिद को नगर महासचिव तथा युवा इकाई में मोहम्मद शाहफैज को नगर सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। साथ ही दर्जनों लोगों ने संघर्ष मोर्चा की सदस्यता ग्रहण कर संगठन से जुड़ने की घोषणा की।
कार्यक्रम में संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे और स्थापना दिवस को उत्साह एवं भाईचारे के माहौल में मनाया गया।
#AnujTyagiPost #RajsattaPost

