#मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मेधावी छात्र सम्मान समारोह में प्रतिभाओं का बढ़ाया उत्साह, बोले- सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं, मेहनत ही असली कुंजी
देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में अमर उजाला द्वारा आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने की यह पहल बेहद सराहनीय है, जो प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करने के साथ अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में इस वर्ष बेहतर परिणाम आने पर प्रसन्नता जताई और विशेष रूप से बेटियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना की।
उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास ही सफलता की असली कुंजी हैं। उन्होंने युवाओं से बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी निष्ठा व समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
सीएम धामी ने शिक्षकों और अभिभावकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण और भविष्य को आकार देने में गुरुजनों एवं माता-पिता का सबसे बड़ा योगदान होता है। शिक्षक केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि संस्कार, अनुशासन और जिम्मेदार नागरिक बनने के मूल्य भी प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में सुधार, नवाचार, डिजिटल लर्निंग और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने में शिक्षित, सक्षम और आत्मनिर्भर युवा शक्ति की अहम भूमिका होगी।
#PushkarSinghDhami #Uttarakhand #AnujTyagiPost #RajsattaPost

