🔴 चम्पावत को देश का आदर्श जिला बनाना हमारा विकल्प रहित संकल्प : धामी
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने शनिवार को चम्पावत में आयोजित ऐतिहासिक ‘गोल्ज्यू महोत्सव-2026’ के समापन समारोह को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि चम्पावत को देश का सर्वश्रेष्ठ और आदर्श जिला बनाना राज्य सरकार का “विकल्प रहित संकल्प” है।
04 मई से प्रारंभ हुए 13 दिवसीय सांस्कृतिक एवं धार्मिक महोत्सव का समापन शनिवार को हर्षोल्लास और जनउत्साह के साथ संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री ने नगरपालिका परिषद चम्पावत, जिला प्रशासन एवं समस्त क्षेत्रवासियों को सफल आयोजन के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक लोक कलाओं और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। न्याय के देवता के रूप में पूजनीय गोल्ज्यू महाराज की भूमि को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन पूरे क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा, श्रद्धा और सामाजिक समरसता का वातावरण तैयार करते हैं।
मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण और स्थानीय अर्थव्यवस्था को महोत्सव की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिली है। पहाड़ी दालों, हस्तशिल्प, ऑर्गेनिक उत्पादों और पारंपरिक व्यंजनों की बिक्री से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सीमांत जनपद चम्पावत के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ‘मानसखंड मंदिर माला मिशन’ के तहत माँ वाराही धाम देवीधुरा, बालेश्वर मंदिर, पाताल रुद्रेश्वर सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों का सुनियोजित विकास किया जा रहा है, जिससे धार्मिक पर्यटन को नई दिशा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चम्पावत में ‘गोल्ज्यू कॉरिडोर’ और टनकपुर में ‘शारदा कॉरिडोर’ का निर्माण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके अलावा आंतरिक सड़कों के चौड़ीकरण, आधुनिक पार्किंग सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं को भी तेजी से विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि चम्पावत में प्रस्तावित आधुनिक ड्राई पोर्ट, अंतरराष्ट्रीय स्तर का साइंस सेंटर, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, आईएसबीटी टनकपुर, आंतरिक पेयजल योजनाएं और मीडिया सेंटर गेस्ट हाउस जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं जिले में विकास की नई इबारत लिख रही हैं। इनसे क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों से विकास कार्यों में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जनता के आशीर्वाद और सहभागिता से विकास की गति लगातार बढ़ती रहेगी।
महोत्सव के अंतिम तीन दिनों में आयोजित ‘स्टार नाइट’ कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहा। समापन अवसर पर लोकगायक इंदर आर्या, गायिका माया उपाध्याय और युवा गायक नीरज चुफाल ने कुमाऊंनी और गढ़वाली गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया।
इस दौरान दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, दर्जा राज्य मंत्री मुकेश महराणा, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
#AnujTyagiPost #RajsattaPost #Champawat #PushkarSinghDhami #Uttarakhand

