सिसौना नदी पर 150 मीटर स्पान पुल का शिलान्यास, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बोले – 50 हजार लोगों को मिलेगा सीधा लाभ
सितारगंज (ऊधमसिंह नगर): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सितारगंज के शक्तिफार्म को सिडकुल क्षेत्र से जोड़ने के लिए सिसौना नदी पर लगभग ₹11.41 करोड़ की लागत से बनने वाले 150 मीटर स्पान पुल का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस महत्वपूर्ण पुल के निर्माण से क्षेत्र के करीब 50 हजार लोगों को सीधा लाभ मिलेगा, वहीं सिडकुल सितारगंज और विकासखंड कार्यालय सिसौना तक पहुंचने की दूरी लगभग 9 किलोमीटर कम हो जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राज्य सरकार शहरों से लेकर दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
शक्तिफार्म और सितारगंज क्षेत्र में चल रही कई बड़ी परियोजनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊधमसिंह नगर जनपद एवं शक्तिफार्म-सितारगंज क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वाकांक्षी परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। शक्तिफार्म में PPP मॉडल के तहत आधुनिक डेयरी प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित की जा रही है, जहां मिल्क पाउडर, आइसक्रीम और चीज निर्माण किया जाएगा।
इसके अलावा प्रह्लाद पलसिया में लगभग ₹54 करोड़ की लागत से एक्वा पार्क का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जिसका करीब 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं पर भी जोर
क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पीएचसी को 30 बेड के सीएचसी में उच्चीकृत किया गया है। साथ ही सितारगंज-टनकपुर फोरलेन सड़क, आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम, विभिन्न मोटर मार्गों और मल्टी स्टोरी पार्किंग के निर्माण कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि किच्छा में लगभग ₹351 करोड़ की लागत से 100 एकड़ भूमि पर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण कार्य जारी है। वहीं पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के हवाई अड्डे के निर्माण की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त गदरपुर एवं खटीमा बाईपास, खटीमा और किच्छा बस अड्डों, खेल स्टेडियम, साइकिलिंग ट्रैक, एथलेटिक्स ट्रैक और औद्योगिक परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र को नई पहचान देने का कार्य किया जा रहा है।
जमरानी बांध परियोजना और किसानों को राहत
मुख्यमंत्री ने कहा कि जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना को दोबारा शुरू कर तराई क्षेत्र की पेयजल और सिंचाई संबंधी जरूरतों को पूरा करने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किया जा रहा है। वहीं किसानों के हित में गन्ने के समर्थन मूल्य में ₹30 प्रति क्विंटल की वृद्धि भी की गई है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल, डीएम नितिन सिंह भदौरिया, एसपी अजय गणपति, सीडीओ दिवेश शासनी समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
#AnujTyagiPost #RajsattaPost #UdhamSinghNagar #Uttarakhand #PushkarSinghDhami

