चरथावल में सड़क हादसों पर सख्ती: पुलिस का पैदल मार्च, वाहन चेकिंग द्वारा हेलमेट न पहनने वालों पर कार्रवाई तेज
असलम त्यागी | चरथावल
मुजफ्फरनगर के चरथावल थाना क्षेत्र में बढ़ते सड़क हादसों और उनमें हो रही मौतों को रोकने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में सीओ सदर डॉ. रविशंकर मिश्रा और थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यनारायण दहिया के नेतृत्व में पुलिस बल ने इलाके में पैदल मार्च निकालकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
इस अभियान के तहत पुलिस ने सड़कों पर उतरकर लोगों को हेलमेट पहनने, नियमों का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने बताया कि पिछले चार वर्षों के आंकड़ों के विश्लेषण में सामने आया है कि 30 से अधिक बाइक सवारों की मौत हो चुकी है, जिनमें अधिकांश लोग हेलमेट नहीं पहने हुए थे।
स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वर्ष 2025 में ही 16 लोगों की जान सड़क दुर्घटनाओं में जा चुकी है। इसे देखते हुए पुलिस ने नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। बिना हेलमेट चलने वालों और अन्य यातायात उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान अभियान तेज कर दिया गया है।
पुलिस ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत काम कर रही है, ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके और लोगों की जान बचाई जा सके। सीओ सदर ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि हेलमेट केवल नियम का पालन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का सबसे जरूरी साधन है। उन्होंने प्रशासन और आम लोगों के बीच सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया, ताकि सड़कों को सुरक्षित बनाया जा सके।

