नगला राई गांव में पुलिस से भिड़े ग्रामीण: संदिग्ध बाइक पर कार्रवाई के दौरान हंगामा, वीडियो वायरल
असलम त्यागी | चरथावल
मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र के गांव नगला राई में पुलिस और ग्रामीणों के बीच टकराव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि पुलिस टीम संदिग्ध बाइक को कब्जे में लेने गांव पहुंची थी। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने मौके पर हंगामा शुरू कर दिया और पुलिस कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ लोग पुलिस के साथ अभद्र व्यवहार कर रहे हैं। इनमें एक व्यक्ति को भारतीय किसान यूनियन का पदाधिकारी बताया जा रहा है, जो पुलिसकर्मियों को धमकी देता नजर आ रहा है। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए उक्त पदाधिकारी को हिरासत में ले लिया और थाने ले आई। इसके साथ ही संदिग्ध बाइक और उसके चालक को भी पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। मामले को लेकर क्षेत्र में हलचल बनी हुई है।
चरथावल थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस द्वारा लगातार संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गांव नगला राई की मस्जिद के बाहर खड़ी एक संदिग्ध बाइक पर पुलिस की नजर पड़ी थी। जब पुलिस उसे कब्जे में लेकर थाने ला रही थी, तभी कुछ लोगों ने विरोध करते हुए हंगामा कर दिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

