चौकीदार हत्याकांड का खुलासा, दुकान किराएदार निकला हत्यारा, मुठभेड़ में एक आरोपी घायल, दूसरा गिरफ्तार

असलम त्यागी |चरथावल 

मुज़फ्फरनगर जनपद के चरथावल के राजू चौकीदार हत्याकांड में रविवार तड़के करीब 3 बजे चरथावल पुलिस को बड़ी सफलता मिली। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में मुख्य आरोपी मोहन के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी नीतीश उर्फ नितिन को कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर टीम ने इलाके में घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में चली गोली मोहन के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया और मौके पर ही दबोच लिया गया। वहीं दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला, जिसे बाद में पुलिस टीम ने सघन कॉम्बिंग अभियान चलाकर पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में दोनों आरोपियों ने राजू की हत्या करना कबूल किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि हत्या के पीछे किराए का विवाद और पुरानी रंजिश मुख्य वजह रही।

घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किए हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है और विस्तृत खुलासा रविवार को प्रेस वार्ता में किया जाएगा।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं और लोगों ने राहत की सांस ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *