चरथावल में चौकीदार राजू हत्याकांड का सनसनीखेज़ खुलासा, मुठभेड़ में 1 आरोपी घायल सहित 2 गिरफ्तार

असलम त्यागी |चरथावल 

मुजफ्फरनगर। जनपद के चरथावल क्षेत्र में हुए चर्चित चौकीदार राजू हत्याकांड का पुलिस ने सफल अनावरण कर दिया है। थाना चरथावल पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया, जबकि उसके साथी को कॉम्बिंग के दौरान दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त फावड़ा और डंडा, एक मोटरसाइकिल तथा दो अवैध तमंचे बरामद किए हैं।

घटना 24/25 अप्रैल 2026 की रात की है, जब किड्स हेवन पब्लिक स्कूल, चरथावल में तैनात चौकीदार राजू (48) की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से सिर और गर्दन पर वार कर हत्या कर दी थी। इस मामले में मृतक के भाई की तहरीर पर थाना चरथावल में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने स्वयं मौके का निरीक्षण कर खुलासे के लिए पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम गठित की थी।

पुलिस को 2 मई की रात मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या में शामिल आरोपी किशनपुरा के जंगल में एक ट्यूबवेल पर छिपे हैं और भागने की फिराक में हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को देखकर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हो गया, जिसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दूसरे आरोपी को बाद में पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहन (44) निवासी किशनपुरा और नितिन उर्फ नितीश (26) निवासी तेजलहेड़ा, थाना छपार के रूप में हुई है। पूछताछ में मुख्य आरोपी मोहन ने बताया कि वह पिछले 18-20 वर्षों से मृतक की दुकान में किराए पर इलेक्ट्रिक की दुकान चला रहा था। मृतक द्वारा दुकान बेचने और खाली कराने के दबाव को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में उसने अपने रिश्तेदार नितिन के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने बताया कि घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, फावड़ा, डंडा और अवैध हथियार बरामद कर लिए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस सराहनीय कार्य के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के इनाम से सम्मानित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *