दो बाइको की आमने-सामने से भिड़ंत, चार युवक गंभीर, विधायक पंकज मलिक ने दिखाई संवेदनशीलता

असलम त्यागी |चरथावल 

मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना चरथावल क्षेत्र के अंतर्गत सोमवार शाम एक अत्यंत दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भीषण भिड़ंत हो गई। यह दुर्घटना थानाभवन मार्ग पर हिंडन पुलिस चौकी के पास निर्माणाधीन गैस प्लांट के समीप हुई, जिसमें दोनों बाइकों पर सवार कुल चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सहारनपुर जनपद के थाना ननौता क्षेत्र के ग्राम भोजपुर निवासी रमेश पुत्र हुकम सिंह और शुभम पुत्र अशोक एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे। जैसे ही वे चरथावल क्षेत्र में गैस प्लांट के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक पर चरथावल के ग्राम सिकंदरपुर निवासी पारस पुत्र धनु और सोनू पुत्र विजेंद्र सवार थे। टक्कर इतनी तेज थी कि चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के राहगीर मौके पर एकत्र हो गए।

इसी दौरान चरथावल विधानसभा सीट से विधायक पंकज मलिक क्षेत्र भ्रमण पर निकले हुए थे। सड़क पर घायलों को पड़ा देख उन्होंने तुरंत अपना काफिला रुकवाया और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए स्वयं घायलों की मदद में जुट गए। विधायक ने बिना देरी किए एम्बुलेंस को सूचना दी और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चरथावल भिजवाने की व्यवस्था कराई। इसके बाद वह स्वयं भी अस्पताल पहुंचे और वहां मौजूद चिकित्सकों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में रहकर घायलों की स्थिति का जायजा लिया और परिजनों को ढांढस बंधाया।

सीएचसी के डॉक्टरों ने चारों युवकों की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिलों को सड़क से हटवाकर किनारे कराया, जिससे यातायात पुनः सुचारु हो सका। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *