चरथावल क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक का कहर: बाइक सवार दो युवक गंभीर, चालक फरार

असलम त्यागी | चरथावल 

मुजफ्फरनगर। चरथावल ब्लॉक के बधाई कला गांव में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खाले के पुल पर तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक करते समय बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों की पहचान बहेड़ी निवासी कैफ पुत्र जुल्फिकार और राईद पुत्र कामिल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक बाइक से जा रहे थे, तभी पीछे से आए ट्रक चालक ने लापरवाही से ओवरटेक करते हुए उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े और ट्रक उनके पैरों के ऊपर से गुजर गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक पर नंबर प्लेट नहीं थी और चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और उन्होंने आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी व सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *